रेवाड़ी शहर में ब्रह्मगढ़ के पास एक दुकान पर कब्जा करने और चोरी करने के आरोप में प्रवीण उर्फ बॉबी राव को मॉडल टाउन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से महिला से छेड़छाड़ का भी मुकदमा दर्ज है। मामला ब्रह्मगढ़ इलाके में स्थित एक दुकान से जुड़ा है, जोकि 1986 से एक ही व्यक्ति दुकान का मालिक है। उसकी तबीयत खराब होने के चलते उसने वर्ष 2017 में रोशनलाल को किराए पर दे दी थी। रोशनलाल दुकान को लंबे समय से चला रहे थे। इसके बाद पिछले करीब दो महीने पहले रोशनलाल की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 17 मार्च 2026 को उनकी मौत हो गई। दो महीने से बंद पड़ी थी दुकान दुकान करीब दो महीने से बंद थी। रोशनलाल की मौत के बाद आरोपी प्रवीण बॉबी राव ने इसका फायदा उठाया। उसने प्लॉट के अंदर से दुकान की दीवार तोड़ दी और भीतर रखे लगभग 9 लाख रुपए मूल्य के सामान की चोरी कर ली। मृतक रोशनलाल के परिजनों ने 29 मार्च को दुकान के सामने एक नई दीवार बनी हुई देखी, जिसके बाद उन्हें शक हुआ। इसके बाद दुकान के अंदर देखा, तो पूरा सामान गायब मिला। मामले की जांच में जुटी पुलिस उन्होंने तुरंत मॉडल टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मॉडल टाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी प्रवीण बॉबी राव को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-3 चौकी प्रभारी एसआई राकेश ने बताया कि आरोपी ने दुकान की दीवार तोड़कर चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था। बॉबी राव पहले भी कई विवादित मामलों में चर्चा में रहा है। पुलिस आरोपी से चोरी के सामान की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


