छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। ये अतिक्रमण शासकीय भूमि पर लंबे समय से किए गए थे, जिनमें पक्के निर्माण और घेराबंदी शामिल थी। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, पंचायत और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम ने कुरूद विकासखंड के ग्राम कुल्हाड़ी में यह अभियान चलाया। टीम ने कुल 26 अवैध कब्जों को हटाया। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर समझाइश दी थी। इसके परिणामस्वरूप, अधिकांश लोगों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाकर सहयोग किया। यही वजह रही कि पूरी कार्रवाई बिना किसी विवाद या तनाव के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसे आमजन के उपयोग के लिए सुरक्षित रखना और गांवों में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


