​​​​​Road Accident: सहेलियों संग वॉक पर गई युवती को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत, लोगों में आक्रोश

​​​​​Road Accident: सहेलियों संग वॉक पर गई युवती को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत, लोगों में आक्रोश

सुजानगढ़। तेज रफ्तार कार ने शुक्रवार अलसुबह एक दर्दनाक हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली 22 वर्षीय युवती की जान ले ली। हादसा सुबह करीब 5 बजे डूंगर रोड पर हुआ, जहां युवती अपनी सहेलियों के साथ टहलने निकली थी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और परिजनों व मोहल्लेवासियों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।

यह वीडियो भी देखें

गंभीर रूप से घायल

पुलिस के अनुसार मृतका रंजीता भार्गव अपनी सहेलियों सपना पुत्री बनवारी पचार और प्रीति पुत्री पवन भार्गव के साथ मॉर्निंग वॉक पर जा रही थी। इसी दौरान शिवा पुत्र महेन्द्र भाटी तेज गति से कार चलाते हुए आया और रंजीता को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

अनियंत्रित हुई कार

हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पास के एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने सहेलियों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचकर मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी शिवा को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले की जांच एएसआई जगदीश गढ़वाल कर रहे हैं। मृतका के भाई करण की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है।

शव परिजनों को सौंपा

सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, घटना से आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासी अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक चले इस विरोध के दौरान एएसआई जगदीश गढ़वाल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी।

धरनार्थियों को जब आरोपी की गिरफ्तारी पर संदेह हुआ तो पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से आरोपी को दिखाया, जिसके बाद लोग शांत हुए और धरना समाप्त किया गया। इस बीच हादसे के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें तेज रफ्तार कार की टक्कर साफ नजर आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *