लखनऊ में स्मार्ट मीटर का बिजली कनेक्शन कटने के कारण शुक्रवार को उपभोक्ताओं की कतार चारों जोन में लगी। इस बीच सुबह और शाम के समय में सर्वर नहीं चलने के कारण कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा है। करीब दो घंटे तक यही स्थिति बने के चलते लोग परेशान रहे। इस बीच बिल जमा करने के बाद भी कनेक्शन नहीं जुड़ने पर लोग सुबह से शाम तक चक्कर काटते रहे। वहीं, विभाग की तरफ से अभियान चलाया गया। कई कनेक्शन काटे गए। 13 से अधिक लोगों के खिलाफ बिजली चोरी पर मुकदमा दर्ज किया गया। बिल जमा करने के बाद भी सुबह से दौड़ रहे लाइट नहीं जुड़ी बर्लिंगटन स्थित 1912 सेंटर पर पहुंची कंचन हुसैनगंज की रहने वाली हैं। उनका कहना है कि अभी 25 मार्च को बिल जमा किया था। आज फिर लाइट काट दी गई। पिछली बार 5 हजार रुपए जमा किया था। उनका कहना है कि सुबह से परेशान हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि बिल जमा करिए लाइट आ जाएगी। आदमी खाएगा बच्चों को पालेगा कि रोज बिल ही जमा करेगा। हम लोग रिटायर्ड आदमी हैं। मकदूम ने बताया कि हम लोग हर बार समय पर बिल जमा करते आए हैं। बिना कोई बात बताए लाइट काट दी जा रही है। एक महीने में दूसरी बार बिल जमा करने आए हैं। सुबह से शाम तक राउंड मार रहे हैं,लेकिन कोई नहीं सुन रहा है। सर्वर डाउन होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है। लोग बोले घर परिवार पालें या रोज बिल जमा करें शेरे आलम डालीगंज के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि 15 दिन पहले 5 हजार रुपए का बिल जमा किया। अब आज फिर से 3 हजार रुपए जमा किया है। उनका कहना है कि पूरी बस्ती में मीटर बदला गया था। हमारे यहां पर दो साल पहले मीटर बदल गया था। अब बिजली का बिल बहुत ज्यादा आ रहा था। पहले तलवार चाकू लगाकर लूटते थे। अब ऑनलाइन लूट रहे हैं। अब कोई लिमिट नहीं है। बिल का। बच्चे का कोर्स लेकर आए हैं। घर परिवार कैसे पालें। काम छोड़कर यहां पर आए हैं। सरकार को लेकर क्या करें अब। कोई नहीं सुन रहा। अमौसी में मिली सबसे अधिक बिजली चोरी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) की तरफ से दिन भर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इसमें अमौसी क्षेत्र में 9 लोगों पर बिजली चोरी करने पर मुकदमा दर्ज हुआ। इसमें राजेश कुमार गुप्ता रामपुर दुबग्गा, श्यामलाल निवासी दुर्गागंज काकोरी, राजू उर्फ मुन्ना, दुर्गागंज काकोरी,संगीता, दुर्गागंज काकोरी, रोहित, दुर्गागंज काकोरी,लवकुश, रामपुर दुबग्गा, राजेश कुमार रामपुर दुबग्गा,राहुल रामपुर दुबग्गा और मोहित कुमार रामपुर दुबग्गा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मौके पर कुल 72 कनेक्शन की जांच की गई। 543 लोग बिजली कनेक्शन की शिकायत लेकर पहुंचे गोमतीनगर में राम करन यादव जुग्गौर चिनहट में बिजली चोरी करते हुए मिले। जानकीपुरम क्षेत्र के अहिबरनपुर और न्यू कैंपस सब स्टेशन के अंतर्गत इरादत नगर व शिवपुरी में 64 स्मार्ट मीटर की चेकिंग की गई। इसमें इजहान खान, मुस्ताक अली और छविनाथ बिजली चोरी करते हुए पाए गए। वहीं, आज 1912 पर आज 543 बिजली सप्लाई और 79 बिल की शिकायतें लेकर लोग पहुंचे।


