मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत बेरोजगार आशार्थियों को दिए जाने वाले बेरोजगारी भत्ते से संबंधित पोर्टल 16 अप्रैल से अस्थायी रूप से बंद रहेगा। रोजगार विभाग ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है कि पोर्टल अगली सूचना तक निष्क्रिय रहेगा। जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि वर्तमान में बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने के लिए एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज मैनेजमेंट सिस्टम (ईईएमएस) नामक विभागीय पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। शर्मा ने आमजन और संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि पोर्टल बंद रहने की अवधि में कोई भी ऑनलाइन प्रक्रिया संभव नहीं होगी। अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित तिथि से पहले पूरे कर लें। पोर्टल के पुनः प्रारंभ होने की सूचना अलग से जारी की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए विभागीय सूचना माध्यमों पर नियमित रूप से अपडेट प्राप्त करते रहें। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को प्रभावी बनाने के निर्देश
महिला अधिकारिता विभाग, झालावाड़ की ओर से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जिला टास्क फोर्स’ और महिला समाधान समिति की संयुक्त बैठक शुक्रवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि झालावाड़ की बेटियां एवं महिलाएं किसी भी दृष्टि से पुरुषों से कम नहीं हैं। वर्तमान में जिला महिलाओं की सुरक्षा के मामले में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। मेरा विभाग मेरे सुझाव अभियान प्रारंभ जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, झालावाड़ की ओर से विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल “मेरा विभाग मेरे सुझाव अभियान प्रारंभ किया है। इस पहल के तहत सर्किल कार्यालय, झालावाड़ में कार्मिक अधिकारी डॉ. अभिनव शर्मा की अध्यक्षता में एक संवाद बैठक का आयोजन किया। इसमें विभिन्न उपखण्डों के संस्थापन प्रभारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अपने व्यावहारिक अनुभवों एवं सुझावों को खुलकर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्य निष्पादन में आने वाली समस्याओं, उनके समाधान और विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्मिक अधिकारी डॉ. अभिनव शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के अनुभवों एवं सुझावों के आधार पर विभागीय स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, इससे कार्यप्रणाली में गुणवत्ता वृद्धि के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें। डॉ. शर्मा ने कहा कि “किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके कर्मचारियों के अनुभव और उनके सुझाव होते हैं। यदि उन्हें सही मंच मिले, तो विभाग निरंतर प्रगति कर सकता है।” इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विभाग को अधिक उत्तरदायी एवं जनहित्तकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। जयपुर डिस्कॉम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की संवादात्मक एवं नवाचार आधारित गतिविधियो के माध्यम से विभागीय सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी।


