महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (Chhatrapati Sambhajinagar) में चल रही पुलिस भर्ती (Maharashtra Police Bharti) के दौरान एक ऐसा भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। जहां मैदान में अधिकतर युवा महंगे स्पोर्ट्स शूज पहनकर दौड़ रहे थे, वहीं एक युवक चप्पल पहनकर दौड़ता नजर आया। इस युवक के जज्बे को देख वहां मौजूद पुलिस उपायुक्त (DCP) भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए।
‘पैसे नहीं थे, लेकिन सपना बड़ा है’
पुलिस भर्ती प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे डीसीपी विक्रम सालवी (DCP Vikram Salvi Video) की नजर जब इस युवक पर पड़ी तो उन्होंने उसे तुरंत बुलाया और पूछा कि वह चप्पल पहनकर क्यों दौड़ रहा है।
युवक ने जो जवाब दिया, उसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। उसने कहा, “साहब, मेरे पास जूते खरीदने के पैसे नहीं हैं, घर की हालत ठीक नहीं है। लेकिन वर्दी पहनने का सपना है और उसे मैं जरूर पूरा करूंगा।”
जिद्द देख अधिकारी का दिल भर आया
युवक की यह बात सुनकर डीसीपी विक्रम सालवी भी भावुक हो गए। उन्होंने उसकी मेहनत और जिद्द की सराहना की और बिना देर किए अपनी जेब से पैसे निकालकर उसे जूते खरीदने के लिए दे दिए।
कुछ ही समय में सफेद जूते लाए गए और खास बात यह रही कि डीसीपी ने खुद युवक को जूते पहनवाए।
‘वीडियो मत बनाओ, ये छोटी मदद है’
इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग वीडियो बनाने लगे, लेकिन डीसीपी ने उन्हें रोकते हुए कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं, बल्कि एक छोटी सी मदद है।
युवक की लगन और अधिकारी की संवेदनशीलता का यह पल कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर हो रही सराहना
इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग युवक की मेहनत और उसके सपने को सलाम कर रहे हैं। वहीं, डीसीपी विक्रम सालवी की संवेदनशीलता और मदद की भावना की भी जमकर तारीफ हो रही है।
यह वाकिया सिर्फ एक पुलिस भर्ती के मैदान की नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं की कहानी है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करते हैं।


