लोहारू में सड़क जर्जर, गहरे गड्ढों में भरा पानी:राहगीरों-दुकानदारों को हो रही परेशानी, हादसों का बना रहता है खतरा

लोहारू में सड़क जर्जर, गहरे गड्ढों में भरा पानी:राहगीरों-दुकानदारों को हो रही परेशानी, हादसों का बना रहता है खतरा

भिवानी जिले के लोहारू शहर में स्थित देवीलाल चौक की सड़क जर्जर हालत में है। भीड़-भाड़ वाले चौराहों में से एक इस स्थान पर सड़क के बीचों-बीच गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी है। पानी से भरे गड्ढों के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना कठिन हो जाता है, जिससे वाहन असंतुलित होकर कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार छोटे-मोटे हादसे होते-होते बचे हैं, और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस समस्या से केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि देवीलाल चौक के आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। पानी उछलकर पहुंचता है दुकानों के भीतर सड़क पर जमा गंदा पानी जब वाहनों के गुजरने से उछलता है, तो उसके छींटे दुकानों तक पहुंच जाते हैं। इससे दुकानों का सामान खराब होने का खतरा रहता है और ग्राहकों को भी असुविधा होती है, जिससे उनके व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।देवीलाल चौक लोहारू शहर का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग न केवल शहर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ता है, बल्कि हरियाणा से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली सहित अन्य राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी एक प्रमुख कड़ी है। इसके अलावा, सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आने-जाने वाले लोगों की भी इस मार्ग पर भारी आवाजाही रहती है। यातायात व्यवस्था हो रही प्रभावित ऐसे में सड़क की खराब स्थिति पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और आम नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि खड्डों में पानी जमा न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। इस संबंध में जब जेई नारंग से बातचीत की गई तो उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करना प्राथमिकता में शामिल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *