गुरुग्राम में सेक्टर 99A स्थित एसएल एकेडमी के मैदान पर फिल्बी दूसरे इंविटेशनल T-20 टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हरियाणा और दिल्ली की प्रतिभाशाली बेटियां अपना जलवा बिखेर रही हैं। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो हरियाणा और दिल्ली की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हैं। खास बात ये है कि मैदान पर सिर्फ नए चेहरे ही नहीं, बल्कि वे सितारे भी चमक रहे हैं जिन्होंने WPL और BCCI अंडर-19 जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता साबित की है। T-20 फॉर्मेट में खेला जा रहा यह टूर्नामेंट 11 अप्रैल तक चलेगा और रोमांचक मुकाबलों से भरा हुआ है। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की सदस्य ममता यादव मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों को बस एक अच्छा प्लेटफॉर्म चाहिए, फिर वो दुनिया के किसी भी मैदान को फतह कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने से देश का मान बढ़ा है और अब ये युवा खिलाड़ियां उसी गौरव को आगे बढ़ाने का जज्बा दिखा रही हैं। महिला क्रिकेट को बढ़ावा चेयरमैन संजय यादव ने बताया कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को समान अवसर देने की जरूरत है। वायु कॉर्पोरेशन के बैनर तले चल रहे इस इवेंट ने युवा महिला क्रिकेटरों को बड़ा प्लेटफॉर्म प्रदान किया है। हमारा मकसद है कि गली-गली की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। गुरुग्राम महिला क्रिकेट का महत्वपूर्ण केंद्र गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में पहुंची हरियाणा भाजपा की स्टेट सेक्रेटरी गार्गी कक्कड़ ने कहा कि गुरुग्राम अब महिला क्रिकेट का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। खिलाड़ियों का उत्साह देखते हुए लग रहा है कि आने वाले समय में हरियाणा और दिल्ली से कई नई स्टार क्रिकेटर उभरेंगी। यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल का उत्सव है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं को नर्सिंग का प्रतीक भी है। ये प्रमुख खिलाड़ी पहुंची टूर्नामेंट में भाग ले रही कुछ प्रमुख खिलाड़ियों में त्रिवेणी वशिष्ठ, निलांचल नेरवाल, तेजश्विनी, कनक भाटिया और अंशिका सिंह शामिल हैं। इस दौरान गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में हरियाणा भाजपा की स्टेट सेक्रेटरी गार्गी कक्कड़ और क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इंडिया के जनरल सेक्रेटरी शैलेंद्र यादव, फ्यूचर फॉरवर्ड स्पोर्ट्स के कोच निहाल सिंह आदि मौजूद रहे।


