चंबा जिले के सलूणी में ज्वाला-हिमगिरी सड़क मार्ग पर लडेर मोड़ के पास शुक्रवार को एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मृतक चालक की पहचान 26 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र तिलक राज के रूप में हुई है, जो चंबा जिले के बनीखेत स्थित पुरी गांव का निवासी था। ट्रक में सवार परिचालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, चकोली-हिमगिरि मार्ग पर लडेर मोड़ के पास ट्रक (HP24D-9373) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय निवासियों ने जोरदार आवाज सुनने के बाद मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण सड़क की खराब स्थिति को माना जा रहा है।
प्रशासन ने दी मृतक परिवार को आर्थिक सहायता सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है और हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया गया है।


