रतलाम. समर्थन मूल्य पर जिले के 65 केंद्रों पर गेहूं खरीदी 10 अप्रेल होगी। इसके लिए 4394 किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं। गुरुवार को ढोढर में करीब 325 क्विंटल गेहूं किसान ने तुलवाए जबकि रिंगनोंद में स्लॉट बुक हुए तोल शुक्रवार को होगा। केन्द्र पर आने वाले किसानों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।
अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने गेहूं उपार्जन अवधि में उपार्जन केंद्रों पर अवैध गेहूं बिक्री रोकने के लिए दल का गठन किया है। यह पहल उपार्जन नीति और मंडी अधिनियम के अन्तर्गत की गई है। गठित दल में रतलाम शहर, ग्रामीण, जावरा, आलोट और सैलाना विकासखंडों के लिए तहसीलदार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, मंडी निरीक्षक और कृषि विभाग के अधिकारियों को नियुक्त किया है। यह दल व्यापारियों द्वारा रखे गए गेहूं के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर कलेक्टर खाद्य शाखा को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
खरीदी सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक
जिला प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय पर अपने स्लॉट अनुसार केंद्र पर पहुंचकर गेहूं विक्रय करें। पंजीकृत किसान अपनी उपज के विक्रय के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर स्वयं स्लॉट बुक कर सकेंगे। अब तक जिले में 4394 स्लॉट बुक हो चुके हैं। किसान स्लॉट बुकिंग के लिए अपने मोबाइल, एमपी ऑनलाइन, सीएससी, ग्राम पंचायत, लोक सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे अथवा सीधे उपार्जन केंद्र की सहायता ले सकते हैं। खरीदी कार्य सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगा। गुरुवार को जावरा क्षेत्र की ढोढर के सांवलिया वेयरहाउस एवं रिंगनोद समिति अंतर्गत कृष्ण वेयरहाउस पर गेहूं खरीदी शुरू कर दी गई है।
स्लॉट की वैधता सात कार्य दिवस की होगी
किसान अपनी उपज बेचने के लिए इसी अवधि के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। बुक किए गए स्लॉट की वैधता सात कार्य दिवस की होगी। यह अनिवार्य होगा कि कृषक द्वारा विक्रय की जाने वाली संपूर्ण उपज की स्लॉट बुकिंग एक ही समय में की जाए आंशिक स्लॉट बुकिंग या आंशिक विक्रय की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। एक बार स्लॉट बुक करने के उपरांत, कृषक को अन्य केंद्र पर पंजीयन परिवर्तन या स्थानांतरण की सुविधा प्राप्त नहीं होगी।
कहां कितने खरीदी केंद्र स्थापित
उपार्जित गेहूं का भुगतान आधार लिंक बैंक खाता क्रमांक एवं बैंक के नाम पर किया जाएग। जिसका विवरण स्लॉट बुकिंग के समय पोर्टल पर प्रदर्शित होगा। जिले की आलोट तहसील में 17, ताल में 10, जावरा में 12, पिपलौदा में 6, रतलाम ग्रामीण में 10, रतलाम शहर में 5, सैलाना में 3, बाजना में 1 तथा रावटी में 1 सहित कुल 65 पात्र संस्थाओं के समिति मण्डी/उप मंडी एवं गोदामों पर गेहूं उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।


