IPL 2026 Delhi Capitals vs Gujarat Titans: बुधवार को आईपीएल 2026 का 14वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा। एक समय ऐसा लग रहा था कि दिल्ली की जीत लगभग तय है, लेकिन आखिरी दो गेंदों में सिर्फ 2 रन नहीं बन पाए और मैच हाथ से निकल गया।
अश्विन ने बताया कहां हुई गलती
मैच के आखिरी पलों में डेविड मिलर का फैसला चर्चा का विषय बन गया। आखिरी दो गेंदों पर 2 रन चाहिए थे, लेकिन मिलर ने एक गेंद पर सिंगल नहीं लिया और अगली गेंद पर रन बना ही नहीं सके, जिसकी वजह से दिल्ली को हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन काफी नाराज नजर आए। उन्होंने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि मिलर का फैसला समझ से परे है। अश्विन के मुताबिक, “अगर आखिरी गेंदों पर 4 या 6 रन चाहिए होते तो बड़ा शॉट खेलने की कोशिश समझ में आती, लेकिन जब सिर्फ 2 रन चाहिए थे, तब सिंगल लेना ज्यादा समझदारी होती।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर स्ट्राइक बदल जाती और कुलदीप यादव बल्लेबाजी करते, तो कम से कम मैच सुपर ओवर तक जा सकता था। हालांकि अश्विन ने यह भी माना कि गलतियां किसी से भी हो सकती हैं, लेकिन सिंगल लेने का मौका ठुकराना समझ से बाहर है। अश्विन ने दिल्ली कैपिटल्स की मानसिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम मजबूत जरूर है, लेकिन खुद ही प्लेऑफ की रेस से बाहर होने का रास्ता तलाश लेती है। पिछले सीजन भी शुरुआत 4 मैच जीतने के बाद आखिरी 6 में से 5 मैच हारकर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी।
राहुल भी हार के गुनाहगार
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 में अच्छी शुरुआत की थी और शुरुआती दो मुकाबले जीते थे, लेकिन इस करीबी हार ने उनकी लय पर असर डाला है। इस मैच में केएल राहुल से भी एक अहम चूक हुई, जब अच्छी शुरुआत के बावजूद वह मैच फिनिश नहीं कर सके। बावजूद इसके, सोशल मीडिया और फैंस के बीच इस हार के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार डेविड मिलर को ही ठहराया जा रहा है।



𝙍𝙖𝙬 𝙍𝙚𝙖𝙘𝙩𝙞𝙤𝙣𝙨 from a 𝙂𝙖𝙢𝙚 𝙤𝙛 𝙈𝙖𝙧𝙜𝙞𝙣𝙨 
