Finn Allen Catch Out Controversial Decision: आईपीएल 2026 में ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) और लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केकेआर की पारी की शुरुआत हुई और दूसरे ही ओवर में अंपायर के एक फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया। दरअसल, लखनऊ की ओर से दूसरा ओवर प्रिंस यादव लेकर आए। ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाज फिन ऐलन ने थर्ड मैन की दिशा में शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में उठ गई और फील्डर दिग्वेश राठी के पास पहुंची।
इस वजह से मचा बवाल
दिग्वेश राठी ने कैच तो पकड़ लिया, लेकिन रिप्ले में ऐसा लगा कि कैच लेते समय उनका पैर बाउंड्री लाइन को छू गया था। इतना ही नहीं, जब उनका पैर बाउंड्री लाइन से टकराया तो वहां हलचल भी दिखाई दी। इसके बावजूद थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दे दिया।
इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और थर्ड अंपायर के निर्णय पर सवाल उठने लगे। फैंस का कहना है कि इतने कैमरा एंगल होने के बावजूद सही फैसला क्यों नहीं लिया गया। पिछले कुछ समय से अंपायरिंग के स्तर को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं और यह घटना उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है।
अगर मैच की बात करें, तो कोलकाता नाइट राइडर्स इस मुकाबले में अपनी पहली जीत की तलाश में उतरी है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स जीत की लय को बरकरार रखना चाहती है। लखनऊ को पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से हार मिली थी, लेकिन उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार वापसी की। दूसरी ओर, केकेआर को मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद से हार का सामना करना पड़ा, जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
आपको बता दें कि केकेआर फिलहाल अंक तालिका (IPL 2026 Points Table) में 9वें स्थान पर है। उसके 3 मैचों में एक अंक है। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने 2 में से एक मैच जीतकर 7वें स्थान पर है।


