LPR Symptoms: खाना खाने के बाद गले में जलन और खांसी? हो सकता है ये रोग, जानिए लक्षण और बचाव

LPR Symptoms: खाना खाने के बाद गले में जलन और खांसी? हो सकता है ये रोग, जानिए लक्षण और बचाव

LPR Symptoms: कई बार आपने महसूस किया होगा कि भारी खाना खाने के बाद गले में अजीब-सी जलन होने लगती है और बार-बार खांसी आती है। कई लोगों को लगता है कि यह सिर्फ सामान्य गैस या एसिडिटी है, लेकिन असल में यह एक खास स्थिति हो सकती है जिसे LPR (लैरिंगोफैरिंजियल रिफ्लक्स) कहते हैं।

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. जोसेफ सलहैब के मुताबिक, यह समस्या उतनी दुर्लभ नहीं है जितनी लोग समझते हैं। उन्होंने बताया कि यह एसिड रिफ्लक्स का ही एक अलग रूप है, जो सीधे गले और आवाज की नली को प्रभावित करता है।

क्या होता है LPR?

LPR यानी लैरिंगोफैरिंजियल रिफ्लक्स में पेट का एसिड ऊपर की तरफ गले तक पहुंच जाता है। आमतौर पर जब हम ज्यादा या भारी खाना खाते हैं, तो पेट में मौजूद एसिड और एक एंजाइम (पेप्सिन) फूड पाइप से होते हुए ऊपर आ जाते हैं। डॉ. सलहैब बताते हैं कि यह एसिड हमारे गले के उस हिस्से तक पहुंच जाता है जहां वॉयस बॉक्स होता है। यह हिस्सा बहुत संवेदनशील होता है, इसलिए वहां हल्की सी भी जलन खांसी और परेशानी का कारण बन जाती है।

इसके लक्षण क्या हैं?

LPR के लक्षण कई बार साधारण सर्दी-खांसी जैसे लगते हैं, लेकिन अगर ये बार-बार हों तो ध्यान देना जरूरी है:

  • लगातार खांसी आना
  • बार-बार गला साफ करने का मन करना
  • गले में कुछ फंसा हुआ महसूस होना
  • आवाज भारी या बैठ जाना
  • खाने के बाद ज्यादा खांसी होना

खास बात यह है कि कई बार इसमें हार्टबर्न (सीने में जलन) महसूस नहीं होती, इसलिए लोग इसे पहचान नहीं पाते।

यह समस्या क्यों होती है?

इसका सबसे बड़ा कारण है गलत खानपान और लाइफस्टाइल। ज्यादा मसालेदार, तला-भुना या एसिडिक खाना खाने से यह समस्या बढ़ जाती है। साथ ही देर रात खाना खाने से भी एसिड ऊपर आने लगता है।

इससे बचाव कैसे करें?

डॉ. जोसेफ सलहैब के अनुसार, कुछ आसान बदलाव करके इस समस्या से बचा जा सकता है। कॉफी, अल्कोहल, चॉकलेट, मिंट और ज्यादा मसालेदार खाना कम करें। बहुत देर रात खाना खाने से बचें। हल्का और कम एसिड वाला खाना खाएं। खाना खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें। अगर समस्या ज्यादा हो रही है, तो डॉक्टर सोडियम एल्जिनेट लेने की सलाह देते हैं, जो पेट के एसिड के ऊपर एक परत बना देता है और उसे ऊपर आने से रोकता है।

कब डॉक्टर के पास जाएं?

अगर आपको बार-बार खांसी, गले में जलन या आवाज में बदलाव महसूस हो रहा है और यह लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहा, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसे में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट या ENT डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। अगर आप भारी खाना खाने के बाद लगातार खांसी से परेशान रहते हैं, तो यह सिर्फ साधारण समस्या नहीं हो सकती। सही समय पर पहचान और छोटे-छोटे बदलाव से आप इससे आसानी से बच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *