धमतरी में संविदा शिक्षकों का कैंडल मार्च:दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि, बोले- नियमितीकरण की मांग शासन तक पहुंचाने की कोशिश

धमतरी में संविदा शिक्षकों का कैंडल मार्च:दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि, बोले- नियमितीकरण की मांग शासन तक पहुंचाने की कोशिश

धमतरी में आत्मानंद स्कूल के संविदा शिक्षकों ने बुधवार को कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च खल्लारी मंदिर रोपवे दुर्घटना समेत अन्य हादसों में दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देने और अपनी मांगें शासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित हुआ। कैंडल मार्च धमतरी जिले के घड़ी चौक से शुरू हुआ, जो छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर समाप्त हुआ। बड़ी संख्या में संविदा शिक्षक शामिल हुए। सभी ने दिवंगत शिक्षकों की तस्वीरें लेकर शहर में शांतिपूर्वक भ्रमण किया। संविदा शिक्षकों ने शासन से नियमित कर्मचारियों के समान वेतनमान देने की मांग रखी। अनुकंपा नियुक्ति का लाभ भी देने की अपील की गई। शिक्षकों ने कहा कि पिछले छह वर्षों से महंगाई बढ़ती रही, लेकिन वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई। भविष्य निधि (पीएफ) की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई। दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि यह आयोजन उन साथियों की स्मृति में किया गया, जिनकी आकस्मिक मृत्यु हुई। इनमें खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटने की घटना में जान गंवाने वाली महिला शिक्षिका सहित धमतरी की एक अन्य दुर्घटना में मृत साथी शामिल रहे। संगठन का बयान संविदा शिक्षक जिला अध्यक्ष गेवाराम मरकाम ने बताया कि प्रदेशभर में कार्यरत सेजेस स्कूल के संविदा शिक्षकों के संगठन ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। उद्देश्य दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देना और लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाना रहा। 6 सालों से स्थिर वेतन पर नाराजगी शिक्षकों ने बताया कि सेजेस स्कूल में वर्ष 2019 से कार्यरत होने के बावजूद केवल संविदा वेतन मिल रहा है। छह वर्षों से एक ही निश्चित वेतनमान पर काम करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। सुविधाओं के अभाव पर सवाल शिक्षकों ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के लिए अनुकंपा नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है। सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी, आकस्मिक मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। समान व्यवहार की मांग शिक्षकों ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा जगत से जुड़े कर्मचारियों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी कर्मचारियों को समान सुविधाएं मिलनी चाहिए। मांगों को जल्द पूरा करने की अपील संविदा शिक्षकों ने शासन से सभी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान शीघ्र होना जरूरी है, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *