निकाय चुनाव से पहले तबादले, 50 पुलिस निरीक्षकों को शहर में मिली नई जिम्मेदारी

निकाय चुनाव से पहले तबादले, 50 पुलिस निरीक्षकों को शहर में मिली नई जिम्मेदारी

अहमदाबाद. गुजरात में निकाय चुनावों से पहले पुलिस महकमे में भी अदला-बदली का दौर जारी है। अहमदाबाद में पुलिस बल को मज़बूत करने के लिए पुलिस निरीक्षक (पीआइ) स्तर के 50 अधिकारियों का शहर में तबादला किया गया है। इन सभी को नई जिम्मेदारियां सौंपने का आदेश भी दिया गया है। इन अधिकारियों का तबादला जूनागढ़, वडोदरा, पंचमहाल, महेसाणा, अमरेली और अन्य जिलों से किया गया।राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को अहमदाबाद की विभिन्न शाखाओं और थानों में पदस्थापित किया गया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू), एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), आईयूसीएडब्ल्यू, विशेष शाखा और कई थानों में नए इंस्पेक्टरों की नियुक्ति की गई है।

वडोदरा, जूनागढ़, सूरत, महीसागर, जामनगर से हुए तबादले

वडोदरा से ट्रांसफर किए गए जे.एन. धासुरा को अहमदाबाद के माधवपुरा पुलिस थाने में जिम्मेदारी दी गई है। जूनागढ़ के आर.एस. पटेल को शहर में बी-ट्रैफिक पुलिस थाने में और साबरकांठा के पी.पी. वाघेला को साइबर क्राइम में भेजा गया है। जबकि वडोदरा शहर से आए ए.बी. मोरी ए-ट्रैफिक पुलिस थाने में सेवा देंगे। महीसागर से डी.के. ठाकर को क्राइम ब्रांच में नई जिम्मेदारी दी गई है। जामनगर के वी.एम. लागरिया को खाडिया पुलिस थाने और सूरत ग्राम्य से भेजे गए ए.डी. चावड़ा को साइबर क्राइम में नियुक्त किया गया है। सूरत ग्राम्य से आए सी.बी. चौहान और भुज से आए एस.एन. चुडास्मा को एसओजी की जिम्मेदारी दी गई है।

,पालडी, नरोडा, मणिनगर थाने में नए पीआइ

शहर के पालडी, शाहपुर, नरोडा, मणिनगर, नारोल, रामोल, घाटलोडिया, राणिप, वाडज और नारणपुरा थानों में भी नए पुलिस निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि इन तबादलों का उद्देश्य चुनावी माहौल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और अपराध पर अंकुश लगाना है। अहमदाबाद पुलिस बल को अतिरिक्त मजबूती देने के लिए बाहर से अनुभवी अधिकारियों को लाया गया है ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *