लखीमपुर खीरी के खंभारखेड़ा स्थित बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल में बुधवार को काम के दौरान एक फिटर की गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान काशीनगर सिकटीहा निवासी सुशील अवस्थी के रूप में हुई है। सुशील अवस्थी चीनी मिल में फिटर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को काम करते समय वे अचानक गिर गए, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने चीनी मिल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मिल प्रशासन ने घटना को छिपाने की कोशिश की और समय पर सही जानकारी नहीं दी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल के अधिकारी घटना के बाद उनसे बात नहीं कर रहे हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम गृह पर एकत्र होकर मिल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


