चोरी के जेवर से भाई-बहन और मौसी ने बदली लाइफस्टाइल:बहन ने चोरी के जेवर गिरवी रख लिया गोल्ड लोन, मौसी ने रखी चांदी, चोर ने खरीदी स्कूटी और मोबाइल

दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी करने के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरों को अपनी बहन और मौसी के यहां रख दिया था। इन जेवरों से बहन और मौसी के साथ आरोपियों ने भी अपने शौक के सभी सामान खरीदे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, स्कूटी और मोटरसाइकिल समेत करीब 8 लाख 22 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। चोरी के सोने को गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने और उससे स्कूटी खरीदने का मामला भी सामने आया है। वारदात की दिन की ये तस्वीरें देखिए…
चोरी का सोना गिरवी रख लिया लोन, स्कूटी भी खरीदी
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी खिलेश मानिकपुरी ने चोरी के जेवर तुलेश्वर सोनकर को दे दिए थे। तुलेश्वर ने सोने के जेवर अपनी बहन पुष्पलता को दे दिए, जिसने आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी में सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन ले लिया। इसी पैसे से स्कूटी और महंगा मोबाइल खरीदा गया। वहीं चांदी के जेवर तुलेश्वर ने अपनी मौसी माया सोनकर के घर रख दिए थे। जनवरी में हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक मोतीपुर अमलेश्वर निवासी रामस्वरूप साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 25 जनवरी से 29 जनवरी तक घरेलू काम से बाहर गया हुआ था। इस दौरान उसके सूने मकान में अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली। घर लौटने पर दरवाजा टूटा मिला और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इसके बाद अमलेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध लोगों की पहचान की। दो महीने बाद पकड़ाए आरोपी
करीब दो महीने की जांच के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली और तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश दास मानिकपुरी, भुनेश्वर यादव और तुलेश्वर सोनकर शामिल हैं। तीनों रायपुर जिले के रहने वाले हैं और पहले भी इनके खिलाफ डीडी नगर और अमलेश्वर थाना क्षेत्र में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने जब्त किया चोरी का सामान
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी से सोने के जेवर और माया सोनकर के घर से चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदी गई स्कूटी, मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त किया गया है। पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि अमलेश्वर थाना और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सूने मकान में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सोने-चांदी के जेवर और दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख 22 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *