कोटा शहर में पुलिस से आज सुबह सभी थाना क्षेत्र में सख्त नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान नयापुरा थाना पुलिस ने एक कार से 25 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर उसे जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह शहर में चलाए गए ए श्रेणी नाकाबंदी अभियान के तहत की गई। नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि इलाके के बड़ तिराहा के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एरोड्रम चौराहे की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बलेनो कार को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम किशन बैरागी निवासी बूंदी बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पीछे की सीट पर एक काले रंग का बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें 500-500 रुपये के नोटों की 51 गड्डियां बरामद हुईं। कुल राशि 25 लाख 50 हजार रुपये निकली। पुलिस ने जब इतनी बड़ी रकम के बारे में चालक से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। साथ ही, रकम से जुड़े कोई जीएसटी बिल या बैंक स्टेटमेंट भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने पूरी रकम को संदिग्ध मानते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले की जांच जारी हैं।


