रोहतक के बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम कर दिया। कल दोपहर बाद दिल्ली बस डिपो की बस के ड्राइवर व पुलिसकर्मी के बीच साइड को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इस मामले में ड्राइवर पर केस दर्ज किया गया, जबकि पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम कर दिया। मंगलवार दोपहर साढे 3 बजे के आसपास दिल्ली बस डिपो की बस रोहतक बस स्टैंड के बाहर पहुंची तो वहां एक गाड़ी मौजूद थी, जिसने बस ड्राइवर के साथ साइड को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। बस ड्राइवर यशपाल के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति का नाम सतीश रामकली है, जो अपने आप को एसपी का रीडर बता रहा है। सतीश रामकली ने बस में चढ़कर यशपाल के साथ मारपीट की और उसी के खिलाफ शिकायत भी दे दी। पुलिस ने ड्राइवर यशपाल के खिलाफ तो गैर जमानती केस दर्ज कर लिया, लेकिन सतीश के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में रोडवेज डिपो रोहतक के कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए सुबह साढे 10 बजे चक्का जाम करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। रोडवेज के चक्का जाम से यात्री परेशान
रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यात्री परेशान हुए। शहर से आई महिला सरोज ने बताया कि उसे गांव गोच्छी जाना था, जिसके लिए बस का इंतजार कर रही है। सुबह 9 बजे आई थी। बीच में एक बस भी मिली, लेकिन कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी, जिसके कारण परेशानी हो रही है। गोहाना की टिकट लेकर बस की बाट में खड़े
गांव मदीना से आए यात्री मनीष ने बताया कि उसे गोहाना जाना था, जिसके लिए बस का इंतजार कर रहे हैं। डेढ़ घंटा हो गया, बस की टिकट भी ले रखी है, लेकिन कोई भी बस नहीं चल रही। दोनों रास्तों पर कर्मचारियों ने बस अड़ा रखी हैं, जिसके कारण कोई भी बस ना तो अंदर आ सकती और ना बाहर जा सकती। कर्मचारियों व पुलिस के बीच नहीं बन रही सहमति
सुबह साढे 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक कर्मचारियों व पुलिस के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन दोनों के बीच कोई सहमति नहीं बन रही। कर्मचारियों की तरफ से पुलिसकर्मी के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की जा रही है। वहीं, पुलिसकर्मी धाराओं को कम करके पहले रोडवेज कर्मचारी की जमानत करवाने की बात कर रहे हैं। ऐसे में दोनों के बीच सहमति नहीं हो रही।


