बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र के खोराखार गांव में बुधवार सुबह एक 24 वर्षीय प्लंबर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सोहना थाना क्षेत्र के पिटउट गांव निवासी अभिषेक कुमार पुत्र मंजीश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक खोराखार में अपने मौसा के साथ एक किराए के मकान में रहता था और प्लंबर का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके मौसा दो दिन पहले गेहूं की कटाई के लिए गांव चले गए थे। बुधवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने कमरे की छत की कुंडी से रस्सी के सहारे अभिषेक का शव लटकता देखा, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए। चौकी प्रभारी राम अशोक यादव ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल मोती चंद ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।


