आज के डिजिटल युग में प्रदेश के स्कूली बच्चे भी अब तकनीकी और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय साइबर ओलंपियाड -2026′ आयोजित करने के विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट) ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों को इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह ओलंपियाड शिक्षा प्रणाली और आईटी के बीच की दूरी को कम करने में एक बड़ा कदम साबित होगा। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसके लिए पंजीकरण शुल्क मात्र 130 रुपए रखा गया है, ताकि हर वर्ग का विद्यार्थी इसमें आसानी से शामिल हो सके।
दो चरणों में परखी जाएगी साइबर समझ
यह परीक्षा दो अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण स्कूल स्तर पर यह परीक्षा कक्षा 1 से 10 तक के सभी पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए स्कूल स्तर पर ही ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। इसकी समयावधि एक घंटे की होगी।
द्वितीय चरण – अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम चरण में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कक्षा 3 से 10 तक के विद्यार्थी इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के चरण में अपनी जगह बनाएंगे।
ओलंपियाड की खास बातें
- सबके लिए खुला मंच: राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी पात्र।
- मिलेगा प्रोत्साहन: प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को भागीदारी प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
- विजेताओं पर बरसेगा इनाम: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, पदक और अन्य कई आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
- फोकस: डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजगता और नवीनतम तकनीकी रुझानों की समझ विकसित करना।
विद्यालय में साइबर क्राइम सेमिनार आयोजित
भीलवाड़ा@ पत्रिका. विधिक सेवा विभाग के तत्वावधान में किशनावतों की खेड़ी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में एक साइबर क्राइम सेमिनार का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य राजेंद्र विजयवर्गी ने बताया कि इस सेमिनार में मजिस्ट्रेट प्रियंका चौहान ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा जागरुकता और स्मार्टफोन के सही उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में विद्यालय की उप प्रधानाचार्य सरोज त्रिवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया, वहीं प्रथम सहायक गोविंद कुमार वैष्णव एवं मुकेश जैन ने आभार व्यक्त किया।


