‘पैट कमिंस की कमी बहुत खल रही है’, हेनरिक क्लासेन ने SRH के खराब प्रदर्शन के पीछे की बताई वजह

‘पैट कमिंस की कमी बहुत खल रही है’, हेनरिक क्लासेन ने SRH के खराब प्रदर्शन के पीछे की बताई वजह

IPL 2026, Heinrich Klaasen on SRH: आईपीएल 2026 की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए कुछ खास नहीं रही है। टीम ने अब तक 3 मैच खेले हैं, जिनमें से 2 में उसे हार का सामना करना पड़ा (RCB और LSG से), जबकि सिर्फ एक मैच (KKR के खिलाफ) में जीत मिली। इस उतार-चढ़ाव के बीच टीम के स्टार बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने बताया है कि आखिर टीम कहां चूक रही है और कप्तान को लेकर उनकी क्या राय है।

ईशान ने ली कप्तान कमिंस की जगह

SRH के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस का बाहर होना है। कमिंस अपनी पीठ की चोट के स्कैन के लिए स्वदेश (ऑस्ट्रेलिया) लौट गए हैं। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कमान संभाल रहे हैं। क्लासेन ने साफ-साफ कहा, ‘पैट कमिंस की कमी हमें बहुत खल रही है। उनके पास कप्तानी का जबरदस्त अनुभव है। लेकिन ईशान किशन भी अपनी भूमिका को बखूबी निभा रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि कप्तानी कोई चिंता का विषय है, हमारी टीम अभी अच्छी स्थिति में है।’

ये है SRH की हार की असली वजह

क्लासेन ने बिना किसी हिचकिचाहट के टीम की कमियों को उजागर किया। उनका मानना है कि टीम को इलाज की जरूरत है। क्लासेन के मुताबिक, जिन दो मैचों में टीम हारी, वहां बल्लेबाजों ने निराश किया। उन्होंने कहा, ‘हमने लगभग 40 रन कम बनाए। अगर हमें जीतना है तो बोर्ड पर 220-230 रन टांगने होंगे, ताकि गेंदबाजों के पास लड़ने का मौका हो।’ क्लासेन ने टीम की फील्डिंग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं रही है और इसका असर प्रदर्शन पर पड़ा है। मैं अभी अपनी टीम को 10 में से केवल 6 नंबर ही दूंगा। हमें कैच पकड़ने होंगे और खेल के हर विभाग में सुधार करना होगा।’

अपनी फॉर्म और नंबर 4 की भूमिका पर खुश

पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके क्लासेन अपनी निजी फॉर्म से काफी संतुष्ट हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में शानदार अर्धशतक जड़े हैं। क्लासेन ने माना कि उनको चौथे नंबर पर बैटिंग करना काफी रास आ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका काम परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना है। चाहे ईशान किशन, अभिषेक शर्मा या ट्रैविस हेड अच्छी शुरुआत दें या नहीं, क्लासेन का लक्ष्य अपना स्वाभाविक खेल जारी रखना है।

अगले मुकाबले की तैयारी

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का अगला मैच शनिवार को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ नए चंडीगढ़ स्टेडियम में होगा। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि क्लासेन का ‘इलाज’ काम आएगा और टीम जीत की पटरी पर लौटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *