राजस्थान: पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में था युवक, अवैध पिस्टल के साथ हुआ गिरफ्तार, देशद्रोह का मामला दर्ज

राजस्थान: पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में था युवक, अवैध पिस्टल के साथ हुआ गिरफ्तार, देशद्रोह का मामला दर्ज

हनुमानगढ़। अवैध देशी पिस्तौल सहित सोमवार रात जंक्शन पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। इसके चलते उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट में दर्ज मामले के साथ देशद्रोह की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश कर आरोपी का रिमांड मंजूर कराया।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में उप निरीक्षक गुरदेव सिंह ने मय टीम गश्त के दौरान एजीटीएफ के सहयोग से सोमवार देर रात राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास युवक को संदिग्ध अवस्था में घूमते पकड़ा। उसकी पहचान सुनील उर्फ धोलू पुत्र राजू उर्फ राजकुमार नायक निवासी वार्ड 54, सुरेशिया के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। इसकी जांच एसआई चुंका को सौंपी गई।

मोबाइल से खुला राज

एसपी नरेन्द्र मीणा ने बताया कि आरोपी सुनील उर्फ धोलू का मोबाइल फोन जब जांच अधिकारी ने खंगाला तो उसमें पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी का व्हाट्सएप नम्बर सेव मिला। उस नम्बर पर कई बार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भी किए गए मिले। ऐसा वह निरंतर कर रहा था। आतंकी को सोशल मीडिया पर फोलो भी कर रहा था। आरोपी किस मंशा से क्यों लगातार शहजाद भट्टी को मैसेज कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है। सुनील उर्फ धोलू के खिलाफ पहले से विभिन्न धाराओं में करीब दस मामले दर्ज हैं। इनमें से अधिकांश मामले आर्म्स एक्ट के हैं तथा एक मामला हत्या के प्रयास का भी है। आरोपी जेल में भी रह चुका है।

पहले यह गिरफ्तार

हनुमानगढ़ सहित कई शहरों को दहलाने की साजिश रचने वाले आतंकी शहजाद भट्टी की ओर से हनुमानगढ़ सहित कुछ जगहों पर स्लीपर सैल बनाने की बात पुलिस जांच में सामने आने के बाद से डीएसपी करण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सुराग लगाने में जुटी हुई है। टाउन पुलिस ने शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क करने और हथियारों की फोटो भेज जरूरी काम होने की बात कहने के आरोप में 25 मार्च को हनुमानगढ़ के गांव किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू पुत्र बीरबलराम कुम्हार को गिरफ्तार किया था। उसने शहजाद भट्टी से उसके इंस्टाग्राम आईडी पर दो बार संपर्क किया। अपराधिक प्रवृत्ति के जसवंत ने आतंकी की हथियारों के साथ फोटो को भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

आए थे आईईडी लेकर

अम्बाला से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी आईईडी लेकर 27 फरवरी को हनुमानगढ़ आए थे। वे आरडीएक्स की सप्लाई का इंतजार कर रहे थे। इस बीच एक मार्च को टाउन पुलिस ने बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को 11 पिस्टल और 22 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई से आतंकी अलर्ट हो गए और आईईडी लेकर तीन मार्च को अम्बाला की तरफ रवाना हो गए थे।

बाद में अम्बाला एसटीएफ ने 13 मार्च को अम्बाला के कम्बास गांव के जंगवीर सिंह, अजमेर के अली अकबर तथा मेरठ निवासी एक जने को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। जंगवीर सिंह का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से था। वह शहजाद भट्टी के कहने पर ही विस्फोटक लेकर आया था। जंगवीर सिंह पर पूर्व में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं। अब हनुमानगढ़ के जसवंत और सुनील उर्फ धोलू के संपर्क आतंकी भट्टी से होने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *