खेत से लौट रहे थे, रास्ते में कुदाल से काट डाला! मोकामा में मां-बेटे का डबल मर्डर

खेत से लौट रहे थे, रास्ते में कुदाल से काट डाला! मोकामा में मां-बेटे का डबल मर्डर

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना से सटे मोकामा में मंगलवार को दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच चल रहा जमीन का पुराना झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुदाल, ईंट और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में 32 वर्षीय राजीव कुमार और उनकी 65 वर्षीय मां मंजू देवी की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना थाना क्षेत्र के साहबेगपुर मोहल्ले की है।

फसल काटकर घर लौट रहा था परिवार

यह घटना उस वक्त हुई जब अजय यादव अपने बेटे राजीव कुमार, पत्नी मंजू देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत गेहूं की कटाई कर घर लौट रहे थे। जैसे ही अजय का परिवार अपने घर के नजदीक पहुंचा विजय यादव और उनके बेटों ने छत से उन पर ईंट-पत्थरों की बरसात शुरू कर दी। मृतक के भाई कन्हैया कुमार के अनुसार, उनके चाचा विजय यादव ने इस हमले की पूरी योजना पहले ही बना ली थी और उनका मुख्य निशाना राजीव था।

भतीजे पर कुदाल से लगातार हमले

बताया गया कि छत से पत्थरों की बौछार करने के बाद, आरोपी छत से नीचे उतरे और राजीव पर कुदाल से बेरहमी से हमला कर दिया। कुदाल से सिर और शरीर पर गहरे घाव होने के कारण, राजीव वहीं जमीन पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। हमलावरों ने उनकी मां मंजू देवी को भी नहीं बख्शा, जो बीच-बचाव करने और उन्हें बचाने की कोशिश में आगे आई थीं।

गंभीर रूप से घायल राजीव काफी देर तक दर्द से कराहते रहे, लेकिन वहां जमा भीड़ मूकदर्शक बनी रही। आखिरकार, मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, उनकी मां मंजू देवी ने भी अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।

4 कट्ठा जमीन बनी विवाद की जड़

बताया जाता है कि अजय और विजय के बीच संपत्ति का बंटवारा हो चुका था। लेकिन, घर के पास स्थित 13 कट्ठा के एक प्लॉट के 4 कट्ठा वाले हिस्से को लेकर दोनों भाई अक्सर झगड़ते रहते थे। मंगलवार को भी इसी जमीन पर उगाई गई फसलों की कटाई को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि परिवार के भीतर खून-खराबा हो गया। मृतक के भाई ने बताया कि आरोपी पक्ष में लगभग आठ लोग शामिल थे, जिन्होंने उनके परिवार को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

चाचा और दो बेटे गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण SP कुंदन कुमार और बाढ़ के SDPO भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मृतक के चाचा विजय यादव और उनके दो बेटे शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए एक कुदाल को भी बरामद कर लिया गया है।

FSL टीम ने जुटाए सबूत

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना से FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की एक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाए। ग्रामीण SP ने बताया कि यह विवाद काफी पुराना था, लेकिन इसे लेकर पुलिस थाने में कभी कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। जिसे देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *