एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के मर्हैया गांव में मामूली विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में एक ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 17 वर्षीय कौशल पुत्र शिवकुमार, 55 वर्षीय रामरतन पुत्र सूबेदार सिंह और 50 वर्षीय गुड्डी देवी पत्नी रामरतन शामिल हैं। आरोप है कि स्वदेश पुत्र बसंत सिंह, उनकी पत्नी अशोका और दिनेश पुत्र सामंत सिंह ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। घायल अवस्था में तीनों जैथरा थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल के परिजन विजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी उनके चाचा का लड़का है। उन्होंने और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। विजेंद्र सिंह ने चाकू मारने का भी आरोप लगाया। मामले पर जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।


