दूसरी शादी की चाहत में मां बनी जल्लाद; 11 महीने के मासूम को फर्श पर पटका, फिर पत्थर बांधकर कुएं में फेंका

दूसरी शादी की चाहत में मां बनी जल्लाद; 11 महीने के मासूम को फर्श पर पटका, फिर पत्थर बांधकर कुएं में फेंका

Pune Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरूर तालुका से ममता को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां के भांबर्डे गांव में एक मां ने अपनी दूसरी शादी की राह में रोड़ा बन रहे अपने ही 11 महीने के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने न केवल बच्चे की जान ली, बल्कि सबूत मिटाने के लिए उसके शव को पत्थरों से भरे बैग में डालकर कुएं में फेंक दिया।

पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह किसी के भी होश उड़ाने के लिए काफी है। आरोपी महिला पूजा रविंद्र पवार ने कबूल किया कि वह अपने पति को छोड़कर किसी और से दूसरी शादी करना चाहती थी। उसे डर था कि 11 महीने का बेटा यश उसकी दूसरी शादी में बाधा बनेगा और कोई भी उसे बच्चे के साथ स्वीकार नहीं करेगा। इसी सनक में उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला कर लिया।

सीमेंट की फर्श पर पटका, फिर बैग में भरा शव

पूजा ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन बच्चा लगातार रो रहा था। गुस्से और नफरत में अंधी होकर उसने यश को घर के सामने बने सीमेंट के चबूतरे (फर्श) पर ज़ोर से पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद पूजा ने शातिर तरीके से सबूत छिपाने की कोशिश की। उसने बच्चे के शव को एक काले बैग में भरा और बैग पानी में ऊपर न आए, इसके लिए उसमें दो भारी पत्थर डाल दिए। इसके बाद वह चुपचाप बैग को पास के एक कुएं में फेंक आई।

गुमशुदगी का नाटक और पुलिस की सख्ती

हत्या के बाद पूजा ने घर में नाटक शुरू कर दिया कि बच्चा कहीं मिल नहीं रहा है। उसके पति रविंद्र अशोक पवार ने रांजनगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में ही पुलिस को पूजा की हरकतों पर शक हुआ। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई

पूजा की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से वह काला बैग बरामद कर लिया है, जिसमें मासूम यश का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। रांजनगांव एमआईडीसी पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य अपराध में पूजा का साथ देने वाला कोई और भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *