Raj Kundra Rs 60 Crore Cheating Case: मशहूर बिजनेसमैन और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी विवादों और सुर्खियों में छाए हुए हैं। लंबे समय से चल रही कानूनी उथल-पुथल और सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग के बीच, राज कुंद्रा ने मंगलवार को अपने ‘X’ (ट्विटर) हैंडल पर एक कड़ा संदेश शेयर कर अपना गुस्सा उतारा है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह अब और चुप्पी साधने के मूड में नहीं हैं और उन्हें केवल कानून की अदालत से ‘अंतिम फैसला’ चाहिए।
राज कुंद्रा चाहते हैं निष्पक्ष जांच (Raj Kundra Tweet On Rs 60 Crore Cheating Case)
राज कुंद्रा ने अपनी पोस्ट में सिस्टम के लिए सम्मान जताते हुए मीडिया और ऑनलाइन दुनिया पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “देर से मिला न्याय, न्याय न मिलने के बराबर है। मैं अब तक चुप रहा, मैंने व्यवस्था का सम्मान किया और मीडिया ट्रायल, अटकलों और ट्रोलिंग को चुपचाप सहा है। लेकिन अब बहुत हो गया! मुझे एक निष्पक्ष और अंतिम फैसले के जरिए सच सामने आने का इंतजार है।”
कुंद्रा ने आगे चुनौती भरे लहजे में कहा कि अगर कानून की अदालत उन्हें दोषी पाती है, तो वह हर परिणाम भुगतने को तैयार हैं। लेकिन तब तक, उनका फैसला केवल न्याय की तराजू पर होना चाहिए, न कि लोगों के शोर-शराबे से।
क्या है 60 करोड़ की धोखाधड़ी का नया मामला? (Shilpa Shetty Husband Raj Kundra)
राज कुंद्रा का यह गुस्सा ऐसे समय में फूटा है जब वह और उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी 60.4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में घिरे हुए हैं। अगस्त 2025 में, मुंबई के बिजनेसमैन दीपक कोठारी की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस कपल के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राज और शिल्पा की अब बंद हो चुकी कंपनी, ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए उनसे निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लिए गए। कोठारी के अनुसार, उन्होंने साल 2015 से 2023 के बीच कारोबार बढ़ाने के लिए यह बड़ी रकम निवेश की थी, लेकिन आरोप है कि इस पैसे का इस्तेमाल व्यापार के बजाय निजी खर्चों के लिए किया गया। फिलहाल EOW इस पूरे लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है।

विवादों से पुराना नाता (Raj Kundra Tweet)
यह पहली बार नहीं है जब राज कुंद्रा कानूनी मुश्किलों में फंसे हों, इससे पहले भी वह अन्य विवादों के कारण जेल की हवा खा चुके हैं। हालांकि, इस बार राज कुंद्रा का रुख काफी आक्रामक नजर आ रहा है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह ‘पब्लिक ओपिनियन’ के बजाय कानूनी प्रक्रिया के जरिए खुद को पाक-साफ साबित करना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि EOW की जांच में क्या नए तथ्य सामने आते हैं और क्या राज कुंद्रा को वह ‘इंसाफ’ मिलता है जिसकी वे मांग कर रहे हैं।


