पीलीभीत में बदहाल नाला, ब्रह्मचारी घाट के अधूरे काम:हिंदू महासभा ने डीएम को ज्ञापन सौंपा, जताया आक्रोश, कार्रवाई की मांग

पीलीभीत में अखिल भारत हिंदू महासभा ने नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था, खुले नालों से उत्पन्न खतरों और ब्रह्मचारी घाट के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें इन जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नगर के अधिकांश नाले गंदगी से भरे हुए हैं और उफान पर हैं। महासभा ने चिंता व्यक्त की कि बिना बारिश के यह स्थिति है, तो आगामी मानसून में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पिछले वर्ष की जलभराव की समस्या से अधिकारियों ने कोई सीख नहीं ली है। ज्ञापन में खुले नालों से होने वाले खतरों पर विशेष ध्यान दिलाया गया। इसमें बरेली के सैटेलाइट क्षेत्र में खुले नाले में गिरने से हुई एक व्यक्ति की मौत का उदाहरण दिया गया। संगठन ने ब्रह्मचारी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य में हो रही देरी और बजट के कथित दुरुपयोग पर भी सवाल उठाए। आरोप है कि बाढ़ के समय कार्य कराकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया और वर्तमान में कार्य पूरी तरह रुका हुआ है। हिंदू महासभा ने अपनी मांगों में नगर के सभी नालों की तत्काल सफाई, खुले नालों को प्राथमिकता के आधार पर ढकने, जलभराव से निपटने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने और ब्रह्मचारी घाट के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें पुनः शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *