हरदोई जनपद में मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बीते दो दिनों में 50 मिमी से अधिक बारिश होने के बाद मंगलवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञ रमेश कुमार ने इसकी जानकारी दी है। जनपद में इस समय लगभग 3.4 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। कई स्थानों पर कटाई भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन हाल ही में हुई बारिश के कारण खेतों में कटी हुई फसल भीगकर खराब हो गई है। किसानों का कहना है कि यदि एक बार फिर तेज बारिश होती है, तो नुकसान और बढ़ जाएगा। खेतों में पानी भरने से खड़ी फसल के गिरने का खतरा है, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। जिन किसानों ने फसल काट ली है, खुले में पड़ी उनकी फसल की गुणवत्ता भीगने से खराब हो रही है। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि इस समय बारिश गेहूं की फसल के लिए अत्यधिक नुकसानदायक है। उन्होंने किसानों को सतर्क रहने और अपनी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। किसान अब आसमान की ओर देख रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम जल्द साफ हो जाए, ताकि उनकी मेहनत बर्बाद न हो।


