निगम में ही गंदगी के ढेर, बिफरे आयुक्त, बोले…पहले अपना घर तो हो साफ

निगम में ही गंदगी के ढेर, बिफरे आयुक्त, बोले…पहले अपना घर तो हो साफ

जयपुर। लालकोठी स्थित नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को नव नियुक्त आयुक्त ओम कसेरा का पहला दौरा गंदगी पर सख्त टिप्पणी के साथ चर्चा में रहा। मुख्यालय की अव्यवस्था देखकर उन्होंने अधिकारियों से कहा, शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी हमारी है, लेकिन पहले अपना घर तो साफ करें।
मुख्यालय में जगह-जगह फैली गंदगी और अव्यवस्था पर आयुक्त ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सात दिन बाद फिर निरीक्षण करेंगे और हालात जस के तस रहे तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण में आयुक्त ने कार्मिक, उद्यान, राजस्व, सतर्कता, हाउसिंग, ई-गवर्नेंस, आईटीआई, आवासन, अटल सेवा केंद्र, जन सुविधा केंद्र, कॉल सेंटर, शिशु पालन गृह और शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति देखी।

सीढ़ियां-दीवारें लाल, शाम तक नहीं उठा कचरा
निरीक्षण के बाद पत्रिका संवाददाता ने निगम मुख्यालय को देखा। सीढ़ियों पर पीक के निशान बने थे। महापौर कार्यालय के पास अस्थायी कचरा डिपो बना हुआ है। यहां शाम छह बजे तक कचरा पड़ा था। हैरानी की बात यह है कि पूर्व में आयुक्त गौरव सैनी ने इस कचरा डिपो को हटाने और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए थे।
चलेगा अभियान: आयुक्त के दौरे के बाद अब दीवारों पर रंग-रोगन के साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *