Weather Update : देश में चल रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चल रहा है। इसका सबसे अधिक असर मंगलवार को देखने को मिलेगा। मौसम केन्द्र के अनुसार जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में तेज आंधी (50-60 किमी प्रति घंटा), मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 50 मिमी तक बारिश दर्ज हो सकती है। 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
8 अप्रैल को मौसम विभाग का अलर्ट
वहीं, 8 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके अलावा 9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
3.7 डिग्री तक गिरा दिन का पारा, आज ऑरेंज अलर्ट
जयपुर में मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मौसम केन्द्र जयपुर ने इसका ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। शहर में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
वहीं दूसरी और सोमवार को शहर में दिन में हल्की धूप रही। हालांकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम केन्द्र के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खुले में रखी फसल, अनाज और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने या ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।

9 अप्रैल से मौसम साफ रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 8 अप्रैल को भी इस सिस्टम का असर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में देखने को मिलेगा। वहीं, 9 अप्रैल से मौसम साफ रहने की संभावना है। पर कुछ जिलों में लोकल बदलाव की वजह से बूंदाबादी और तेज हवा चलने का अनुमान है।


