लुधियाना में पब्लिक ने अब नशेड़ियों पर खुद रेड करनी शुरू कर दी। थाना टिब्बा के नजदीक संधू कॉलोनी में पब्लिक ने एक खंडहर में रेड की और वहां पर दो युवकों को नशा करते हुए पकड़ा। पब्लिक ने जब रेड की तो युवकों के हाथ में नशे के इंजेक्शन, सिल्वर पेपर व नशे के पैकेट मिले। पब्लिक वीडियो बनाने गली तो नशा करने वाले अपना मुंह छुपाने लगे। आखिर में पब्लिक ने दोनों युवकों को नशा समेत थाना टिब्बा की पुलिस को सौंप दिया। पब्लिक का कहना है कि नशा करने वालों की कई बार पुलिस को शिकायत दी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए मोहल्ले लोगों ने खुद रेड की और नशा करने वालों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो वो उच्च अधिकारियों के पास जाएंगे। पब्लिक ने कैसे पकड़े नशा करने वाले सिलसिलेवार जानिए… नशेड़ियों को पकड़ने के लिए ट्रेप लगाया: समाज सेवी रमनदीप शर्मा ने बताया कि मोहल्ले के लोगों को सूचना मिली थी कि वीरान पड़े खंडहर में नशेड़ी आते हैं और नशा करते हैं। पब्लिक से मिली सूचना के बाद लोगों ने सोमवार देररात ट्रैप लगाया। नशेड़ी आए और इधर-उधर देखकर अंदर चले गए: रात को दो युवक आए और पहले बाहर खड़े रहे। इधर-उधर देखा और उसके बाद खंडहर के अंदर चले गए। पब्लिक दूर से देख रही थी। नशा करने वाले जब अंदर गए तो कुछ देर बाद लोग अंदर पहुंचे और आरोपियों को दबोच लिया। इंजेक्शन भर लगा रहे थे: रमनदीप शर्मा ने बताया कि जब वो अंदर पहुंचे तो दोनों ने हाथ में सीरिंज पकड़ी हुई थी और एक दूसरे को लगा रहे थे। उन्हें देखकर वो फटाफट खड़े हो गए। वीडियो बनता देख मुंह छुपाने लगे। थैले और जेब से निकला नशा: रमनदीप शर्मा ने बताया कि आरोपियों की जब तलाशी ली तो उनके थैले में से नशा मिला। पहले वो नकारते रहे। दोनों कहते रहे कि यह थैला उनका नहीं है यहां पर पहले से पड़ा था। उसके बाद पब्लिक ने उनकी तलाशी ली तो जेब से भी नशा निकला। खुद को मोहल्ले का बताते रहे युवक: नशा करने वाले खुद को भी उसी मोहल्ले का बताते रहे। युवकों का कहना था कि वो पहली बार नशा करने आए हैं। आगे से नशा नहीं करेंगे पुलिस को न बुलाएं। पब्लिक ने पुलिस को सौंपे नशेड़ी: रमनदीप शर्मा ने बताया कि पब्लिक ने दोनों नशेड़ियों को थाना टिब्बा की पुलिस के हवाले कर दिया है। उन्होंने पुलिस को कहा है कि अगर इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो वो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को भी देंगे। पब्लिक ने एक मोटरसाइकिल और कुछ नशीली सामग्री भी पुलिस स्टेशन में जमा कराई। जांच कर रहे हैं: थाना टिब्बा की पुलिस ने बताया कि पब्लिक ने दो लोगों काे नशा करते हुए पकड़ा है। मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


