फरीदकोट की मुख्य अनाज मंडी में सोमवार को गेहूं की फसल की आमद शुरू हो चुकी है। पहली ढेरी लेकर पहुंचे किसान की फसल गीली होने के कारण उसकी बोली नहीं लग सकी। प्रशासन द्वारा गेहूं की खरीद के लिए 1 अप्रैल से ही पुख्ता प्रबंध किए जा चुके है लेकिन पिछले दिनों हुई बारिश के कारण अभी फसल की कटाई शुरू नहीं हो पाई है। यह संभावना जताई जा रही है कि बड़े स्तर पर फसल मंडी में आने में अभी एक हफ्ते से ज्यादा का समय लग सकता है। सोमवार मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसान की फसल को जब अधिकारियों द्वारा चेक किया गया तो वह काफी गीली पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि फसल को पहले धूप में सुखाना जरूरी है, उसके बाद ही इसकी बोली लगाई जा सकती है। बारिश के कारण फसल पकने में देरी इस मौके पर बातचीत करते हुए आढ़तियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा खरीद के पूरे प्रबंध किए गए हैं, लेकिन इस बार बारिश के कारण गेहूं की फसल पकने में देरी हो रही है। उन्होंने किसानों से आहवान किया कि वे अपनी फसल सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। इस मौके पर आढ़ती पीयूष कुमार व अन्य आढ़तियों ने बताया कि इस बार सरकार ने प्रशासन मंडी में नए पक्के शेड भी बनाए दिए हैं, ताकि सीजन के दौरान बारिश होने की स्थिति में किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने किसानों से अपनी फसल सुखाकर ही मंडी में लाने की अपील की है, ताकि उनकी फसल बिकने में देरी न हो।


