देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड-2026 के लिए विदेशी एवं प्रवासी भारतीय अभ्यर्थियों के आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 2 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा के माध्यम से 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आइआइटी) में 18 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
इस वर्ष परीक्षा का आयोजन आइआइटी रुड़की की ओर से पूर्णतः कंप्यूटर आधारित मोड में 17 मई को दो पारियों में किया जाएगा। पहली पारी सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं जेईई एडवांस्ड के लिए भारतीय अभ्यर्थियों का पंजीकरण 23 अप्रेल से 2 मई तक होगा। प्रवेश पत्र 11 मई से 17 मई के बीच जारी किए जाएंगे। जबकि परीक्षा परिणाम 1 जून 2026 को घोषित किया जाएगा।
जेईई मेन से तय होगी पात्रता
जेईई एडवांस्ड में बैठने के लिए जेईई मेन के जनवरी एवं अप्रेल सत्रों के आधार पर चयनित शीर्ष 2 लाख 50 हजार अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया जाएगा। इनमें सामान्य वर्ग के 1,01,250, ईडब्ल्यूएस के 25,000, ओबीसी के 67,500, एससी के 37,500 तथा एसटी के 18,750 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
विदेशी व प्रवासी अभ्यर्थियों के लिए अलग नियम
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के पास 4 मार्च 2021 के बाद जारी ओसीआइ या पीआइओ कार्ड है, उन्हें विदेशी श्रेणी में माना जाएगा और उन्हें जेईई मेन देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, 4 मार्च 2021 से पहले जारी कार्डधारकों को पहले जेईई मेन परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।
अतिरिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
विदेशी अभ्यर्थियों को सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी, एसटी एवं पीडब्ल्यूडी आरक्षण श्रेणियों में शामिल नहीं किया जाएगा। इन्हें आइआइटी में उपलब्ध सीटों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत सुपरन्यूमेरेरी सीटों पर ओपन कैटेगरी के अंतर्गत प्रवेश दिया जाएगा।
यह है आवेदन शुल्क
विदेशी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क सार्क देशों के लिए 100 अमरीकी डॉलर तथा अन्य देशों के लिए 200 अमरीकी डॉलर रखा गया है। वहीं, जेईई मेन के माध्यम से पात्र भारतीय अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के लिए 3200 रुपए तथा एससी, एसटी, दिव्यांग एवं सभी वर्गों की छात्राओं के लिए 1600 रुपए निर्धारित किया गया है।


