करौली शहर के चौधरी पाड़ा क्षेत्र में एक व्यापारी और उसके परिजनों से मारपीट के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। यह घटना चौधरी पाड़ा इलाके में रेडीमेड वस्त्र व्यापारी महेश गुप्ता और उनके दो बेटों के साथ हुई। देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय बाइक सवार युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि दिन में दुकान के आगे बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो शाम को हिंसक झड़प में बदल गया। हमले में घायल हुए व्यापारी और उनके परिजनों को करौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के विरोध में रेडीमेड वस्त्र व्यापार संघ के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया। व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि शहर में लगातार व्यापारियों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे उनमें भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए गए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।


