5 KG LPG Cylinder: घर से दूर रहकर काम करने वाले लाखों लोगों की एक बड़ी मुश्किल अब खत्म होने वाली है। सरकार ने रविवार को फैसला किया कि 5 किलोग्राम के LPG सिलेंडर के लिए अब एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होगी। बस एक वैध पहचान पत्र दिखाना होगा और एक सादा कागज पर खुद लिखकर देना होगा कि गैस सिर्फ खाना पकाने के लिए उपयोग होगी। यह उन लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत है जो किराए के कमरे में रहते हैं, जिनका पता बदलता रहता है, जो दूसरे शहर में पढ़ रहे हैं या काम कर रहे हैं।
कमजोर तबकों के लिए अच्छा कदम
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने इस फैसले को कमजोर तबकों के लिए “अच्छा कदम” बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूर, घरेलू कामगार, दिहाड़ी मजदूर, छात्र और बिना स्थायी पते वाले पेशेवर लोगों को नया घरेलू कनेक्शन लेने में दिक्कतें आती थीं, इन सबको अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
करना होगा यह काम
इन्हें बस इतना काम करना है। नजदीकी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाना है। वैध ID दिखानी है और एक सेल्फ-डिक्लेरेशन लेटर देना है, जिसमें रहने की जगह का ज़िक्र हो और यह लिखा हो कि सिलेंडर सिर्फ घर में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होगा। एक बात साफ कर दें। यह FTL सिलेंडर सिर्फ घरेलू इस्तेमाल के लिए है, व्यावसायिक ग्राहकों के लिए नहीं।
काफी ज्यादा है मांग
सरकार ने बताया कि 23 मार्च 2026 से अब तक देशभर में करीब 6.6 लाख 5 किलो के FTL सिलेंडर बांटे जा चुके हैं। एक दिन में 90,000 से ज़्यादा सिलेंडर बिके हैं। पेट्रोलियम मंत्री ने यह भी बताया कि डिलीवरी में गड़बड़ी रोकने के लिए DAC यानी Delivery Authentication Code आधारित LPG डिलीवरी फरवरी 2026 में 53 फीसदी थी जो अब बढ़कर 90 फीसदी हो गई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराकर एक साथ ढेर सारी बुकिंग न करें। पेट्रोल, डीजल और LPG की आपूर्ति सामान्य है।
समुद्री मोर्चे पर भी राहत
बंदरगाह मंत्रालय ने बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय जहाज पर कोई घटना नहीं हुई। देश के सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। शिपिंग विभाग ने खाड़ी क्षेत्र से 1,479 से ज़्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी करवाई है जिनमें पिछले 24 घंटों में 159 शामिल हैं।


