राजस्थान: पति ने चारपाई पर सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या

राजस्थान: पति ने चारपाई पर सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या

Rajasthan Crime राजस्थान के अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां के खेड़ली पिचानोत गांव में एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी (टांचे) से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

बकरियां चराकर घर आया और कर दिया हमला

मालाखेड़ा थाना अधिकारी हरदयाल सिंह यादव के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 6 बजे गांव खेड़ली पिचानोत स्थित मीणा बास में हुई। आरोपी काला मीणा (पुत्र कन्हैया लाल मीणा) शाम को अपनी बकरियां चराकर घर लौटा था। घर पहुंचते ही किसी बात को लेकर उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा या पुराना विवाद गहराया और उसने पास ही चारपाई पर सो रही अपनी 48 वर्षीया पत्नी पुनि देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने पुनि देवी की गर्दन, हाथ और पैरों पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

घटना के वक्त घर में इन दोनों के अलावा कोई और मौजूद नहीं था। आरोपी का बेटा और बहू पास ही के खेतों में गेहूं की कटाई करने गए हुए थे। जब शोर मचा और ग्रामीण इकट्ठा हुए, तब इस खूनी खेल का पता चला। सूचना मिलते ही मालाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी पति काला मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई धनपाल मीणा, जो दुब्बी गांव के निवासी हैं, की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

शादी को हुए करीब 35 साल

जानकारी के अनुसार आरोपी और मृतका की शादी करीब 35 साल पहले हुई थी। आरोपी अपने बेटे, बहू और दो पोतों के साथ एक ही घर में रहता था, जबकि उसके तीन अन्य भाई अलग घरों में रहते हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी काला मीणा थोड़े ‘सनकी’ मिजाज का था। हालांकि, हत्या के पीछे की कोई ठोस या तात्कालिक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या कोई पुरानी रंजिश थी या फिर सनक में आकर उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। फिलहाल, गांव में इस घटना के बाद से ही सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस क्रूरता को लेकर स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *