राजस्थान पुलिस उपनिरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन आज सोमवार को दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जा रहा है। अलवर जिले के 64 परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। रविवार को हुई पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही, जिसमें किसी भी केंद्र से नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग का कोई मामला सामने नहीं आया। आंकड़ों की बात करें तो पहले दिन पहली पारी में 62.28 प्रतिशत और दूसरी पारी में 59.86 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
जिले में कुल 64 केंद्र बनाए
परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अभ्यर्थियों को तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। नकल रोकने के लिए कड़े नियमों का पालन करते हुए केंद्रों पर परीक्षार्थियों के जूते, महिलाओं की चुन्नी और हर तरह की ज्वैलरी तक उतरवा ली गई। पूरी जांच और पहचान पत्र के मिलान के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। जिले में कुल 64 केंद्रों में से सर्वाधिक 49 केंद्र अकेले अलवर शहर में बनाए गए हैं, जबकि शेष केंद्र मालाखेड़ा, रामगढ़ और अलवर उपखंड में स्थित हैं। आज भी परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
नक़ल की सूचना देने पर 1 लाख का ईनाम
इस बार भर्ती परीक्षा में सबसे खास बात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की सक्रियता है। पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए एसओजी ने इस बार नकल गिरोहों पर लगाम कसने के लिए एक बड़ी इनामी घोषणा की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति नकल गिरोह या फर्जी अभ्यर्थियों के नेटवर्क के बारे में सटीक और गोपनीय जानकारी देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा ताकि बिना किसी डर के लोग पुलिस की मदद कर सकें।
नियंत्रण कक्ष की निगरानी
प्रशासनिक स्तर पर किसी भी समस्या के समाधान के लिए मिनी सचिवालय स्थित एडीएम (शहर) कार्यालय में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। परीक्षार्थी किसी भी दुविधा या आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 0144-2345077 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एसओजी ने भी अपने विशेष मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर जारी किए हैं ताकि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट की जा सके। फिलहाल, दूसरे दिन की परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ डटा हुआ है।


