मोहाली के खरड़-लांडरा हाईवे पर स्थित एसबीपी “सिटी के ड्रीम्स” सेक्टर-116 में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक फ्लैट में आग लग गई। स्थानीय लोगों और सोसायटी के मेंटेनेंस स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आशंका जताई जा रही है पूजा की ज्योत से आग लगी है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और फ्लैट को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा। आग लगने से फ्लैट से धुआं उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को इसकी सूचना दी। मेंटेनेंस कंपनी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सोसायटी के फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने मिलकर फ्लैट के दरवाजे का कांच तोड़ा
हालांकि, फ्लैट अंदर से बंद था, जिसके कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। बाद में, मेंटेनेंस टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर फ्लैट के दरवाजे का कांच तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। उन्होंने पानी, रेत और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को सफलतापूर्वक बुझाया। फ्लैट में एक महिला और उसका बच्चा रहते हैं
जानकारी के अनुसार, यह घटना अलीना-2 ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 0083 में हुई। फ्लैट में एक महिला और उसका बच्चा रहते हैं। बताया जा रहा है कि घर में रहने वाली महिला रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले मंदिर में पूजा कर ज्योत जलाकर चली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी ज्योत से आग फैल गई। घटना के समय बच्चा स्कूल गया हुआ था, जबकि महिला अपनी ड्यूटी पर थी। लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टला
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को भी दी गई थी। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों और मेंटेनेंस स्टाफ की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था। लोगों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


