बड़वारा में शराब दुकान हटाने की मांग, ग्रामीणों का प्रदर्शन:मशीन चौक पर चक्काजाम, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बड़वारा में शराब दुकान हटाने की मांग, ग्रामीणों का प्रदर्शन:मशीन चौक पर चक्काजाम, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कटनी जिले के बड़वारा मुख्यालय में मंदिर के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण रविवार देर शाम बड़वारा के मशीन चौक पर एकत्रित हुए और सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय भाजपा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल के बिल्कुल नजदीक शराब दुकान का संचालन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था आहत हो रही है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र का माहौल भी दूषित हो रहा है। यह घनी आबादी वाला रहवासी इलाका है। दुकान के कारण देर शाम तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय महिलाओं, युवतियों और स्कूली बच्चों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसीलदार ने मोर्चा संभाला। ग्रामीणों ने तहसीलदार को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जिला कलेक्टर के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इस शराब दुकान को रहवासी इलाके और मंदिर परिसर से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तहसीलदार ने ग्रामीणों को उनकी मांगों को वरिष्ठ कलेक्टर तक पहुंचाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद मशीन चौक पर यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु हो सकी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *