बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां बंदर चुई इलाके में एक बाघ महुआ बीन रहे ग्रामीण का थैला लेकर जंगल की ओर चला गया। इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीण ने महुआ बीनकर एक थैले में इकट्ठा करके पेड़ के नीचे रखा था। तभी वहां एक बाघ आया और पहले कुछ देर पेड़ के नीचे बैठा रहा। इसके बाद वह महुआ से भरा थैला उठाकर जंगल में चला गया। ग्रामीण दूर खड़ा होकर यह सब देखता रह गया। यह क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का बफर एरिया है, जहां पर्यटकों का भी आना-जाना रहता है। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना का वीडियो पर्यटकों ने ही बनाया है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। टाइगर रिजर्व की टीम ने जंगल में सर्चिंग बढ़ा दी है और महुआ बीनने वाले ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर पनपथा के अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें वीडियो की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार क्षेत्र में सर्चिंग कर रहा है और महुआ बीनने वालों को जंगल में सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।


