आगरा में हुआ “डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज” भजन कॉन्सर्ट:’हरे कृष्ण हरे कृष्ण’ से गूंजा हॉल, संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु

आगरा में हुआ “डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज” भजन कॉन्सर्ट:’हरे कृष्ण हरे कृष्ण’ से गूंजा हॉल, संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु

आगरा में कॉन्सर्ट ने श्रद्धालुओं को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। खंदारी स्थित राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में हुए इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय भजन गायिका हरि कांता देवी दासी (केन्या) की मधुर वाणी ने ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार “हरे कृष्ण” की गूंज से गूंज उठा। भजनों और संकीर्तन के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए और कई लोग भक्ति भाव में डूबे दिखाई दिए।
द आगरा जैमिंग क्लब और इस्कॉन आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद “गोविंद बोलो गोपाल बोलो” और “हरे कृष्ण हरे कृष्ण” जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया। भजन प्रस्तुति के दौरान हरि कांता देवी दासी ने कहा कि आज के दौर में आंतरिक शांति सबसे बड़ी जरूरत है और श्रीकृष्ण भक्ति ही मन को सुकून और स्थिरता प्रदान करती है। उन्होंने भक्ति को आत्मिक स्वतंत्रता का मार्ग बताते हुए सभी को नियमित संकीर्तन से जुड़ने का संदेश दिया।
आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भक्ति के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *