IMD Warning 2026: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 12 जिलों में अचानक मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। आगरा, मुरादाबाद, अमरोहा, बागपत, बिजनौर, रामपुर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ और संभल में अगले 12 घंटे के भीतर तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की गति 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। कानपुर में शनिवार को आए अचानक आंधी-तूफान और ओलावृष्टि जैसे हालात अब इन जिलों में भी बन सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
खुशनुमा मौसम में अचानक बदली परिस्थितियां
पिछले कुछ दिनों से यूपी के कई जिलों में हल्की हवाओं और बादलों के साथ मौसम सुखद बना हुआ था। हालांकि, अब मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी यूपी के जिलों में शॉर्ट-टर्म वेदर एक्टिविटी बढ़ सकती है। अगले 12 घंटे के भीतर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इस बार अप्रैल के पहले सप्ताह में मौसम सामान्य पैटर्न से अलग बना हुआ है। तेज धूप या लू की स्थिति नहीं है, लेकिन मौसम अचानक सक्रिय होने की संभावना है।
मुरादाबाद में मौसम ने दिखाई करवट
शनिवार को मुरादाबाद में अचानक मौसम बदल गया। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाने लगे और हवा का रुख बदल गया। शाम होते-होते तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। जिससे तापमान में अचानक गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया।
जनजीवन और ट्रैफिक पर असर
तेज हवा और बारिश के चलते बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। वाहन चालकों को कम विजिबिलिटी और तेज हवाओं की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
संभावित असर और प्रशासन की तैयारी
मौसम विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं से पेड़ या होर्डिंग गिरने का खतरा है। गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने की आशंका है, जबकि बारिश के कारण ट्रैफिक और विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
IMD की सलाह और सावधानी
IMD ने नागरिकों से आग्रह किया है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न खड़े हों। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दिन में हल्का मौसम रहेगा, जबकि शाम या रात में आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में यह मौसम पैटर्न जारी रहेगा।


