Royal Challengers Bengaluru vs Chennai Super Kings, Pitch and weather Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 11वां मुकाबला पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में चेन्नई की टीम अपनी पहली जीत दर्ज़ करना चाहेगी। सीएसके अपने दोनों शुरुआती मुकाबले हारी है। वहीं आरसीबी ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया था।
RCB ने पहले मैच में किया था बेहतरीन प्रदर्शन
आरसीबी ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था। सनराइजर्स हैदराबाद से मिले 202 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया था। टीम की ओर से विराट कोहली बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 38 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली थी। अपनी इस पारी में कोहली ने पांच चौके और 5 छक्के लगाए थे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने महज 26 गेंदों में 61 रन बनाए थे। हालांकि, जैकब डफी को छोड़कर टीम के अन्य गेंदबाजों का प्रदर्शन जरूर पहले मुकाबले में कुछ खास नहीं रहा था।
CSK को पहली जीत की तलाश
दूसरी ओर, चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल 2026 में लगातार दो मैच हार चुकी है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी जबकि दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 5 विकेट से हराया था। सीएसके का कमजोर गेंदबाजी अटैक टीम के लिए चिंता का विषय है। पंजाब के खिलाफ स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाने के बावजूद टीम के गेंदबाज लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। मैट हेनरी दोनों ही मुकाबलों में काफी महंगे साबित हुए हैं। वहीं, टीम के स्पिनर्स का भी जादू नहीं चल सका है।
हालांकि, चेन्नई सुपरकिंग्स के बल्लेबाज पंजाब किंग्स के खिलाफ अच्छी लय में दिखाई दिए थे। आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, शिवम दुबे ने महज 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए थे। अंतिम ओवरों में सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रन बनाए थे। आरसीबी और सीएसके के बीच अब तक आईपीएल में कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से चेन्नई सुपरकिंग्स ने 21 मुकाबले जीते हैं जबकि आरसीबी ने 13 मैच जीते हैं।
कैसी है एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच
एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम को बल्लेबाजी के मुफीद माना जाता है। छोटी बाउंड्री होने की वजह से यहां पर खूब चौके-छक्के लगते हैं। इस ग्राउंड पर पहली पारी का औसतन स्कोर 141 रन रहा है जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 136 रन है। ऐसे में यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने वाला है। हालांकि ड्यू फैक्टर इस मैदान पर काम करता है। शाम के वक़्त ओस गिरने से चेज करने वाली टीम को फायदा मिलता है, इसलिए टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना अक्सर रणनीति होती है।
बेंगलुरु के मौसम का हाल
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को बेंगलुरु में बारिश होने की आशंका 25 प्रतिशत है। इसके साथ ही मैदान के आसपास काले बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


