RR ने जिस अशोक शर्मा को नहीं दिया था मौका, उसी ने बरपाया उन पर कहर, फेंकी IPL 2026 की सबसे तेज गेंद

RR ने जिस अशोक शर्मा को नहीं दिया था मौका, उसी ने बरपाया उन पर कहर, फेंकी IPL 2026 की सबसे तेज गेंद

Who is Ashok Sharma: मयंक यादव और उमरान मलिक के बाद भारत को एक और स्‍पीड मास्‍टर मिल गया है। उसका नाम अशोक शर्मा है, जिसने अपनी तेज रफ्तार गेंदों से राजस्‍थान रॉयल्‍स के बल्‍लेबाजों के पसीने छुड़ा दिए। गुजरात टाइटंस के इस गेंदबाज ने एक गेंद 154.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी फेंकी, जो इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) की अब तक की सबसे तेज गेंद है। बता दें कि ये वही अशोक शर्मा हैं, जिन्‍हें पिछले सीजन में राजस्‍थान ने मौका नहीं दिया था।

गुजरात टाइटंस को मिला हीरा

गुजरात टाइटंस (GT) को राजस्थान के रहने वाले अशोक शर्मा के रूप में एक नया हीरा मिल गया है। राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ समय बिताने के बावजूद अशोक को आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका था। अब उन्‍होंने गुजरात के लिए धमाल मचा दिया है।

अशोक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ औसत प्रदर्शन के बाद शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरे और दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों की लिस्‍ट में अपना नाम दर्ज करा लिया। 23 साल के इस गेंदबाज ने पंजाब के खिलाफ आसानी से 145 से ज्‍यादा की स्पीड से गेंदें फेंकी थीं, लेकिन राजस्‍थान के खिलाफ उनका खेल ही अलग था।

GT vs RR मैच में अशोक शर्मा ने 154.2 की स्पीड दर्ज की

उन्होंने अपनी गेंदबाजी की शुरुआत 149 की स्पीड से की, लेकिन वे इतने पर ही नहीं रुकने वाले थे। स्पीड लगातार बढ़ती गई। एक आधुनिक टी20 गेंदबाज की तरह अशोक ने भी अपनी गेंदबाजी में विविधता लाते हुए बीच-बीच में धीमी गेंदें भी फेंकीं। लेकिन अपने तीसरे ओवर (पहली पारी का 16वां ओवर) में उन्‍होंने सबको चौंका दिया।

उन्होंने 150.7 की स्पीड से एक गेंद फेंकी। यह आईपीएल 2026 की दूसरी सबसे तेज गेंद थी, जो एनरिक नॉर्टजे के ठीक पीछे थी। लेकिन, उसी ओवर की आखिरी गेंद पर अशोक ने ध्रुव जुरेल को एक जोरदार यॉर्कर फेंकी। स्पीडोमीटर देख सब हैरान रह गए, क्‍योंकि उस पर 154.2 लिखा था। यह आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद थी। जबकि आईपीएल इतिहास की 10वीं सबसे तेज गेंद थी। इसके साथ ही वे मयंक और उमरान के बाद इस स्पीड तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए।

आईपीएल इतिहास की 10 सबसे तेज गेंद

क्रम गेंदबाज गेंद की रफ्तार (किमी./घंटा)
1 शॉन टेंट 157.7
2 लॉकी फर्ग्‍यूसन 157.3
3 उमरान मलिक 157
4 मयंक यादव 156.7
5 मयंक यादव 155.8
6 एनरिक नॉर्किया 156.2
7 एनरिक नॉर्किया 154.8
8 डेल स्‍टेन 154.4
9 कगिसो रबाडा 154.2
10 अशोक शर्मा 154.2

सबसे किफायती रहे अशोक

अशोक अपने आखिरी ओवर में उस स्पीड तक नहीं पहुंच पाए। पहली गेंद पर छक्का लगने के बाद उन्होंने बाकी ओवर में तेज गेंदें फेंकने के बजाय धीमी गेंदें फेंकने का फैसला किया। यह रणनीति पूरी तरह से कामयाब रही। आखिर में अशोक ने सिर्फ 37 रन दिए। वह जीटी के लिए सबसे किफायती गेंदबाज रहे।

अशोक शर्मा कौन हैं?

बता दें कि 23 वर्षीय पेसर अशोक शर्मा राजस्थान के रहने वाले हैं और उनके पिता एक किसान हैं। वह राजस्थान के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने अब तक 4 प्रथम श्रेणी, 7 लिस्ट ए और 12 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें क्रमश: उनके नाम 14, 13 और 12 विकेट हैं। अशोक शर्मा सबसे पहले आरआर के नेट बॉलर थे। 2022 में उन्‍हें केकेआर ने 55 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन पूरे सीजन बेंच पर बैठे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *