राहुल गांधी का आरोप- PM मोदी और पिनाराई विजयन के बीच सीक्रेट डील हुई, डोनाल्ड ट्रंप का भी नाम लिया

राहुल गांधी का आरोप- PM मोदी और पिनाराई विजयन के बीच सीक्रेट डील हुई, डोनाल्ड ट्रंप का भी नाम लिया

Assembly Elections 2026: केरलम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। केरलम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गलियारे में सरगर्मियां तेज हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को केरलम के एर्नाकुलम जिले में चुनावी रैली को संबोधित किया। चुनावी रैली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर गंभीर आरोप लगाए।

LDF पर भड़के राहुल गांधी

राहुल गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केरलम के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाले LDF संगठन पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि LDF और बीजेपी-RSS के बीच गहरे संबंध हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक छिपी हुई ताकत LDF को प्रभावित कर रही है, जो सांप्रदायिक है और संविधान को नहीं मानती।

लेफ्ट फ्रंट में अब कुछ नहीं बचा

राहुल गांधी ने कहा- लेफ्ट फ्रंट में अब कुछ भी लेफ्ट नहीं बचा है। इस चुनाव के बाद लेफ्ट फ्रंट का कुछ भी नहीं बचेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि पीएम मोदी अपनी रैलियों में मुख्यमंत्री विजयन पर हमला क्यों नहीं करते, जबकि कांग्रेस पर रोज हमला करते हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और पिनाराई विजयन दोनों 10 साल से अधिक समय से सत्ता में हैं। इसलिए मोदी-विजयन को सत्ता का घमंड है।

पिनाराई विजयन और मोदी के बीच सीक्रेट डील हुई

चुनावी रैली में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केरलम के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक सीक्रेट राजनीतिक डील हो रही है। केरलम के CM अपने परिवार और बच्चों को केंद्रीय जांच एजेंसियों से बचाने के लिए PM मोदी के सामने केरलम के हितों को गिरवी रख रहे हैं। राहुल गांधी ने पूछा- सिर्फ केरल के CM को ही क्यों छूट मिली हुई है? जबकि, भाजपा और RSS का विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं को केंद्र सरकार लगातार निशाना बना रही है।

मोदी-ट्रंप और पिनाराई-मोदी, एक जैसी जोड़ी

राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा। इसके साथ ही उन्होंने पिनाराई विजयन के साथ पीएम मोदी का नाम जोड़कर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि जैसे नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने सरेंडर करते हैं। वैसे ही पिनाराई विजयन मोदी के साथ वैसा ही समझौता कर रहे हैं। मोदी ने ट्रंप के हितों की रक्षा के लिए भारत के कृषि और ऊर्जा सेक्टर को विदेशी हितों को सौंप दिया है। पिनाराई विजयन केरलम में यही स्टाइल अपना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *