पोल से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो दोस्तों की मौके पर ही मौत, घरों में पसरा मातम

पोल से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो दोस्तों की मौके पर ही मौत, घरों में पसरा मातम

बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बिशारतगंज निवासी 20 वर्षीय अमित अपने दोस्त बदायूं के बिनावर निवासी 25 वर्षीय रोहित शर्मा के साथ शुक्रवार को बरेली आया था। रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से वापस बिशारतगंज लौट रहे थे। जैसे ही वे रम्पुरा गांव के पास रेलवे अंडरपास से गुजर रहे थे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार, मौके पर ही हालत गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। अंडरपास के पास सड़क भी टूटी हुई बताई जा रही है, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में शोक का माहौल है।

हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारी

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। अगर उन्होंने हेलमेट लगाया होता तो शायद जान बच सकती थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और खराब सड़क को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *