Exclusive: ट्रांसजेंडर बिल के खिलाफ कुब्रा सैत का बड़ा बयान, बोलीं- ‘एक इंसान दूसरे की पहचान कैसे तय कर सकता है?’

Exclusive: ट्रांसजेंडर बिल के खिलाफ कुब्रा सैत का बड़ा बयान, बोलीं- ‘एक इंसान दूसरे की पहचान कैसे तय कर सकता है?’

Kubbra Sait on Transgender Bill: 11 मार्च, 2026 को ‘सेक्रेड गेम्स’ से अभिनय जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस और मॉडल कुब्रा सैत की वेबसीरीज ‘संकल्प’ रिलीज हुई है, जिसमें वो एक पुलिस ऑफिसर (परवीन शेख) के किरदार में नजर आ रही हैं। इस सीरीज में उन्होंने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के साथ स्क्रीन शेयर की है। प्राइम वीडियो पर आई ‘संकल्प’ को दर्शकों का बहुत प्यार मिल रहा है। खासतौर पर कुब्रा के जबरदस्त अभिनय को लोग पसंद कर रहे हैं। हाल ही में पत्रिका टीम के साथ बातचीत के दौरान जब कुब्रा सैत से ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन बिल 2026 पर सवाल किया तो उन्होंने कहा ये जो भी हो रहा है वो गलत है और वो इसके खिलाफ हैं।

Kubbra Sait on Transgender Bill
‘संकल्प’ सीरीज में कुब्रा सैत। (फोटो सोर्स: kubbrasait)

ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन बिल-2026 पर आपकी क्या राय है? (Kubbra Sait on Transgender Bill)

इस पर कुब्रा सैत कहती हैं कि ‘2026 में जो ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन बिल आया है, मैं उसके खिलाफ हूं। हम दो कदम आगे बढ़कर दस कदम पीछे नहीं जा सकते। हाल ही में सेक्शन 377 हटाया गया है, जिससे LGBTQI समुदाय के लोगों को अपने प्यार को चुनने का अधिकार मिला है और ये अपराध नहीं रहा। कुब्रा के अनुसार, इस मुद्दे पर उठ रही आवाजें बेहद जरूरी हैं और समाज में जागरूकता लाना महत्वपूर्ण है। वो कहती हैं कि दुनिया में कई बड़े मुद्दे हैं, जिनसे हमारा ध्यान नहीं भटकना चाहिए। उनके मुताबिक, हमें सड़क, बिजली, शिक्षा और जीवन स्तर जैसे बुनियादी मुद्दों पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए।

कुब्रा ने उठाया सवाल कि एक इंसान दूसरे इंसान की पहचान का प्रमाण कैसे दे सकता है? (Kubbra Sait Exclusive Interview)

इसके आगे बड़ा सवाल करते हुए कुब्रा कहती हैं, “अगर ट्रांस बिल के शोषण को रोकने के लिए कोर्ट या मैजिस्ट्रेट यह तय करेगा कि कोई व्यक्ति ट्रांस है या नहीं, तो यह समझ से परे है कि एक इंसान दूसरे इंसान की पहचान का प्रमाण कैसे दे सकता है। यह पूरी तरह से इंसान की गरिमा (ह्यूमन डिग्निटी) के खिलाफ है।” उनका मानना है कि आज के समय में हमें लोगों को उनके दिमाग और सोच से समझना चाहिए, न कि उनके शरीर से। इसके आगे उन्होंने कहा, ‘LGBTQ समुदाय बहुत हद तक हाशिए पर रहा है, इसलिए बदलाव की शुरुआत वहीं से होनी चाहिए, लेकिन समाज के बड़े मुद्दों को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

ऐसी चीजें हमें इंसानियत से कई कदम पीछे ले जाती हैं

इसके आगे उन्होंने कहा, “ऐसी चीजें हमें इंसानियत से कई कदम पीछे ले जाती हैं। संसद में ऐसे बड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, जिसमें लोगों की इज्जत और अधिकारों का सम्मान किया जाए। जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन यहां उल्टा लोगों की पहचान को तोड़कर, उसे जांचने-परखने की बात हो रही है, जो बिल्कुल गलत है। इतने सालों बाद ट्रांसजेंडर समुदाय को उनके अधिकार मिले हैं। आर्टिकल 377 को हटाया गया, जो एक बड़ा कदम था। किन्नर और हिजड़ा समुदाय हमारे समाज का हिस्सा हैं, हमारे बीच रहते हैं, और उनके लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि उन्हें सम्मान और बराबरी का हक मिले।”

एलजीबीटी कम्युनिटी मेरे दोस्त हैं, मेरे भाई-बहन हैं

एलजीबीटी कम्युनिटी पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “एलजीबीटी कम्युनिटी मेरे दोस्त हैं, मेरे भाई हैं, मेरे बहन हैं। ये लोग पहली बार खुद को समझकर, अपनी असली पहचान के साथ समाज के सामने आने की हिम्मत कर रहे हैं, उनकी जिंदगी पहले से ही आसान नहीं है। ऐसे में अगर हम और मुश्किलें खड़ी करेंगे, तो यह पूरी तरह से गलत है।”

संकल्प सीरीज के बारे में (Story of Sankalp Series)

हाल ही में आई कुब्रा सैत की ‘संकल्प’ सीरीज एक पॉलिटिकल ड्रामा वेब सीरीज है, जिसे प्रकाश झा ने डायरेक्ट किया है और रेशु नाथ ने क्रिएट किया है। इस रोमांचक सीरीज में नाना पाटेकर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, कुब्रा सैत, सौरभ गोयल, संजय कपूर और नीरज काबी जैसे दिग्गज कलाकारओं ने जबरदस्त अभिनय किया है। सीरीज की कहानी एक गुरुकुल चलाने वाले मा’त साहब (नाना पाटेकर) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो प्रतिभाशाली छात्रों को तैयार कर सिस्टम में ताकतवर पदों तक पहुंचाते हैं, लेकिन धीरे-धीरे स्टूडेंटस के साथ उनका ये रिश्ता मेंटरशिप से आगे बढ़कर पावर, कंट्रोल और राजनीति के घिनौने खेल में बदल जाता है। इस सीरीज को आप प्राइम वीडियो या एमएक्स प्लेयर पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *