CSK vs PBKS, IPL 2026: क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड तो बनते-बिगड़ते रहते हैं, लेकिन पंजाब किंग्स के प्रियांश आर्या ने जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में प्रियांश ने सिर्फ 11 गेंदें खेलीं और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम कर लिया। आईपीएल के इतिहास में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है।
प्रियांश आर्या के बढ़ते स्ट्राइक रेट का तूफान
पंजाब किंग्स को जीत के लिए 210 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला था। प्रियांश आर्या मैदान पर आए और महज 11 गेंदों में 39 रन कूट दिए। इस छोटी लेकिन ताबड़तोड़ पारी में उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 354.55 का रहा, जिसने मैच का रुख पूरी तरह पंजाब की ओर मोड़ दिया।
आईपीएल में रचा इतिहास
आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में यह केवल दूसरी बार है जब किसी खिलाड़ी ने बिना कोई विकेट लिए या बिना फील्डिंग में खास योगदान दिए, सिर्फ इतनी कम गेंदें खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीता हो। इससे पहले 2023 में ऐसा हुआ था जब ग्लेन फिलिप्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 गेंदों पर 25 रन बनाकर इस कारनामे को इतिहास में दर्ज कराया था।
दिग्गजों ने बांधे तारीफों के पुल
पंजाब की इस धमाकेदार जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रियांश की हर तरफ चर्चा हो रही है। पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड 9वीं बार 200+ के स्कोर को चेज किया है। इसपर हरभजन सिंह ने कहा, ‘प्रियांश और प्रभसिमरन की ओपनिंग ने जीत आसान कर दी। पंजाब ने साबित कर दिया कि वे यहां सिर्फ जीतने आए हैं।वहीँ श्रेयस अय्यर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘210 का टारगेट देखकर फिक्र थी, लेकिन प्रियांश ने जैसी शुरुआत दी, वह शानदार थी।’
क्रिकेटर नहीं तो टीचर बनते
24 साल के प्रियांश आर्या दिल्ली प्रीमियर लीग की खोज हैं। उन्हें पिछले सीजन पंजाब ने 3.8 करोड़ में खरीदा था और वो पूरी तरह ‘पैसा वसूल’ साबित हो रहे हैं। मैच के बाद हर्षा भोगले से बात करते हुए प्रियांश ने एक दिलचस्प बात शेयर की। उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसे परिवार से हूं जहां माता-पिता और बहन, सभी टीचर हैं। अगर मैं क्रिकेटर नहीं होता, तो शायद मैं भी टीचर ही बनता।’
दिल्ली से IPL तक: प्रियांश का सफर
24 साल के इस बाएं हाथ के ओपनर खिलाड़ी ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में अपने शानदार प्रदर्शन से सबको हैरान कर दिया था। इसी का नतीजा था कि उन्हें उनकी बेस प्राइस (30 लाख रुपये) से करीब 13 गुना ज्यादा कीमत पर खरीदा गया। प्रियांश अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और क्रीज पर आते ही तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। फिर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 43 गेंदों पर 102 रन (10 छक्के) जड़कर सबका ध्यान खींचा। प्रियांश दिन में दो सेशन कड़ी प्रैक्टिस करते हैं और इसी का नतीजा आज मैदान पर दिख रहा है कि पंजाब ने चेन्नई के मैदान पर 8 गेंद रहते ही जीत हासिल की।


