देवरिया जिला मुख्यालय के कचहरी रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे पुलिस की अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया। दर्जनों पुलिसकर्मियों को देखकर सड़क किनारे खड़े होकर शराब पी रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपने वाहन मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मौके पर वाहनों की जांच की और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की। पुलिस को लंबे समय से कचहरी रोड और आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम शराब पीने और वाहनों की अवैध पार्किंग की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे खड़े लगभग एक दर्जन वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनका चालान भी किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का असर आसपास के इलाकों में भी तुरंत दिखाई दिया। कचहरी चौराहे के पास स्थित देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर लगी भीड़ अचानक कम हो गई और लोग वहां से हटने लगे। कार्रवाई के दौरान शराब की दुकान के पास कुछ युवकों की पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई, जिसे अन्य पुलिसकर्मियों ने शांत कराया। करीब आधे घंटे तक पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरे इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर एक संदेश गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई की खूब चर्चा रही। कई लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहर में कानून व्यवस्था बेहतर होगी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


